चंडीगढ़ में वर्टिकल ग्रोथ की मांग तेज:प्रॉपर्टी कंसल्टेंट एसोसिएशन ने प्रशासको सौंपा मेमोरेंडम, मास्टर प्लान-2031-अपार्टमेंट एक्ट लागू करने की मांग

चंडीगढ़ में बढ़ती आबादी और हाउसिंग की मांग को देखते हुए अब शहर में वर्टिकल ग्रोथ की मांग तेज हो गई है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट एसोसिएशन चंडीगढ़ की जनरल बॉडी मीटिंग में मास्टर प्लान-2031 का स्वागत करते हुए पूरे शहर में अपार्टमेंट एक्ट लागू करने की मांग उठाई गई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि शहर में बढ़ती हाउसिंग जरूरतों का समाधान अब वर्टिकल ग्रोथ यानी ऊंची इमारतों और अपार्टमेंट संस्कृति को बढ़ावा देने से ही संभव है। उन्होंने मांग रखी कि पूरे शहर में एक कनाल तक के मकानों में भी अपार्टमेंट एक्ट लागू किया जाए। इस मौके पर एसोसिएशन के सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में पैट्रन कमल गुप्ता, प्रेसिडेंट विक्रम चोपड़ा, जनरल सेक्रेटरी जितेंद्र सिंह और ट्रेजरर गौरव कंसल भी शामिल हुए। 2 लाख लोगों की हुई बढ़ोतरी एसोसिएशन के प्रेसिडेंट विक्रम चोपड़ा ने कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार चंडीगढ़ की आबादी करीब 10.55 लाख थी, जबकि 2025-26 तक यह बढ़कर लगभग 12.5 से 12.6 लाख तक पहुंच चुकी है। यानी पिछले कुछ वर्षों में करीब 2 लाख लोगों की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस दौरान कोई बड़ा हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू नहीं किया गया। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड भी पिछले करीब 10 वर्षों में नई हाउसिंग स्कीम नहीं ला पाया है। ऐसे में लोगों के लिए घर खरीदना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। प्रशासक को सौंपा मेमोरेंडम विक्रम चोपड़ा ने बताया कि इस मांग को लेकर हाल ही में पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को भी मेमोरेंडम सौंपा गया है। मीटिंग में मौजूद प्रतिनिधियों ने कहा कि मास्टर प्लान-2031 शहर के भविष्य और विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे भी मास्टर प्लान को लेकर अपने सुझाव प्रशासन को दें, ताकि आने वाले समय में बेहतर शहरी विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *