चंडीगढ़ में शराब का लंगर लगाने वाला गिरफ्तार:बर्फ में मिलाकर वोदका पिला रहा था; DC बोले- ठेकेदार को नोटिस भेजा

चंडीगढ़ के पॉश सेक्टर-9 मार्केट में सरेआम शराब का लंगर लगाने के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए DJ मालिक राजेश सचदेवा के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने FIR में लिखा है कि शराब ठेके के बाहर खुलेआम लोगों को नई शराब ब्रांड को प्रमोट करने के लिए शराब पिलाई जा रही थी। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। वीडियो में शराब ठेके के बाहर स्टॉल लगाकर लोगों को बर्फ के गोलों यानी चुस्की में वोदका मिलाकर मुफ्त में बांटते देखा गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद शराब ठेकेदार की ओर से इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जिसे विवाद बढ़ने के बाद डिलीट कर दिया गया। हालांकि, तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका था। चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर निशांत यादव ने कहा कि सेक्टर-9 के जिस शराब ठेके के बाहर यह काम किया गया है, उसके लाइसेंस होल्डर को नोटिस जारी कर इस बारे में जवाब मांगा गया है। जामुन फ्लवेर वाली बर्फ में मिलाई गई वोदका
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 स्थित शराब ठेके के बाहर एक प्रमोशनल स्टॉल लगाया गया था। यहां लोगों को जामुन फ्लेवर वाली बर्फ की चुस्की दी जा रही थी, जिसमें वोदका मिलाई गई थी। वीडियो में बड़ी संख्या में लोग स्टॉल के आसपास खड़े दिखाई दिए और कई लोग हाथों में शराब वाली चुस्की लिए नजर आए। पुलिस हेडक्वार्टर के पास कई घंटे चलता रहा शराब का लंगर
शराब का यह लंगर कई घंटों तक चलता रहा, लेकिन पुलिस और प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी। हैरानी की बात यह है कि जहां यह पूरा आयोजन चल रहा था, वहां से करीब 300 मीटर की दूरी पर चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ प्रशासक गुलाबचंद कटारिया का कार्यालय, डीजीपी और एसएसपी कार्यालय मौजूद हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के बाद भी तुरंत कार्रवाई नहीं हुई। जब मामला मीडिया में प्रमुखता से चला और विवाद बढ़ा, तब जाकर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। सोशल मीडिया पर VIDEO डालकर किया प्रमोशन पुलिस ने बताया कि नए शराब ब्रांड के प्रमोशन के लिए यह आयोजन किया था। वीडियो में स्टॉल पर युवाओं की भीड़ दिखाई दे रही थी। इस मामले में शराब पिलाने वाले राजेश सचदेवा ने उस दिन वहां DJ लगा रखा था। हालांकि पुलिस को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि इस मामले में शराब ठेकेदार के खिलाफ कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *