जालंधर सेंट्रल से आप विधायक रमन अरोड़ा की मुश्किल बढ़ी:ED ने भेजा नोटिस, पुराने भ्रष्टाचार मामले में मांगे दस्तावेज, विधायक बोले- पेश होने को नहीं कहा

जालंधर में आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल से विधायक रमन अरोड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक पुराने भ्रष्टाचार के मामले में उन्हें नोटिस जारी कर कुछ जरूरी दस्तावेज मांगे हैं। हालांकि, ED ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए नहीं कहा है। ED ने विधायक से इस मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जमा करने को कहा है। राहत की बात यह है कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने फिलहाल विधायक को पूछताछ के लिए अपने दफ्तर में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का कोई आदेश नहीं दिया है। सिर्फ कागजी कार्रवाई के तहत रिकॉर्ड मांगे गए हैं। सुरक्षा वापस लेने से भी चर्चा में रहे हैं विधायक विधायक रमन अरोड़ा पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और चर्चाओं में बने हुए हैं। कुछ समय पहले एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कुछ विवाद खड़ा हो गया था। इस विवाद के बाद पंजाब सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए विधायक रमन अरोड़ा को दी गई पुलिस सुरक्षा को वापस ले लिया था, जिससे सियासी गलियारों में काफी हलचल मच गई थी। रामा मंडी थाने में दर्ज है पुराना मामला रमन अरोड़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का सिलसिला पुराना है। जालंधर के कमिश्नरेट पुलिस के तहत आने वाले थाना रामा मंडी में उनके खिलाफ मामला दर्ज है। जानकारी के अनुसार, 14 मई 2025 को हुए घटनाक्रम के बाद विभिन्न धाराओं के तहत 23 अगस्त 2025 को पुलिस द्वारा यह केस दर्ज किया गया था। इसी मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए अब ED ने भी अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए दस्तावेज तलब किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *