चंडीगढ़ में 40 हजार नए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन दिए जाने की तैयारी चल रही है। प्रशासन ने अगले 3 महीने में सभी सेक्टरों में पाइपलाइन डालकर कनेक्शन बांटने की योजना बनाई है। अभी शहर में 35 हजार कनेक्शन हैं। ईरान और अमेरिका-इजराइल की जंग के चलते इस बार गैस सिलेंडर की जो दिक्कत आई, उसके बाद केंद्र सरकार भी PNG प्रोजेक्ट को लेकर गंभीर है। इसके लिए नए सिरे से रणनीति बनाई गई। प्रशासन व गैंस कंपनियों के अधिकारियों की मीटिंग हो चुकी है। गैंस एजेंसियों ने दावा किया है कि घरेलू LPG की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है। हालांकि, लोगों को समय पर LPG सप्लाई नहीं मिल रही। यह मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चला गया है और कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कोर्ट में वकील ने अपनी समस्या बताई गैस सिलेंडर की बुकिंग के समय को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया। यह नोटिस एडवोकेट भगत सिंह घुम्मन की याचिका जारी हुआ, जिसमें वकील की तरफ से दलील दी गई कि वह शहरी क्षेत्र में रहते हैं, लेकिन उनका कनेक्शन एक ग्रामीण गैस एजेंसी से है। 25 दिन बीतने के बाद भी उनका सिलेंडर बुक नहीं हो रहा है, जिस कारण पिछले 10 दिनों से उनके घर में खाना नहीं बन पाया है। यह मामला मोहाली जिले के नयागांव नगर परिषद क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। यह इलाका नगर परिषद बनने के बाद से शहरी क्षेत्र में आ गया है, जबकि यहां की गैस एजेंसी हेमकुंड साहिब ग्रामीण गैस वितरक अब भी ग्रामीण कैटेगरी में है। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार के वकील ने कहा कि गैस एजेंसी की तरफ से जो वकील है, वह 2 सिलेंडर वकील के यहां पहुंचा दे। इस पर एडवोकेट घुम्मन ने आपत्ति जताई। कहा कि यह मामला केवल उनका ही नहीं है, बल्कि उन बच्चों से भी जुड़ा है जो मिड-डे मील खाते हैं। ग्रामीण इलाका होने से उन्हें भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। इसके बाद अदालत ने नोटिस जारी कर केंद्र से जवाब तलब किया है। केंद्र से 6 मई तक जवाब मांगा गया है। चंडीगढ़ प्रशासन PNG कनेक्शन देने की तैयारी में, जानिए पूरा प्लान… LPG की कोई कमी नहीं, पर्याप्त स्टॉक चंडीगढ़ प्रशासन और ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (IOCL आदि) लगातार कह रही हैं कि घरेलू LPG की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई सुचारू रूप से चल रही है। यह दावा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के पंजाब प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अशुतोष गुप्ता ने किया है। शहर में प्रतिदिन लगभग 9,000 घरेलू सिलेंडरों की खपत होती है, लेकिन बुकिंग में बढ़ोतरी (पैनिक बाइंग) के कारण एजेंसियों पर दबाव बढ़ा है। हालांकि अभी शहरी क्षेत्र में लगभग 25 दिनों का और ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 45 दिनों में बुकिंग व सप्लाई की कैप लगी है। कॉमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में पहले करीब 80 प्रतिशत की कटौती की गई थी, जिसे अब बहाल कर लगभग 70 प्रतिशत तक कर दिया गया है। पहले चंडीगढ़ में रोजाना लगभग 2,500 कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति होती थी, जो संकट के दौरान घटकर लगभग 500 सिलेंडर प्रतिदिन रह गई थी। 3 महीने में पूरे शहर को कवर करने की तैयारी सेक्टर 32 से 38, सेक्टर 40, सेक्टर 42 से 44, सेक्टर 46 और सेक्टर 48 से 51 तक पूरी तरह से गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी। जबकि सेक्टर 10, 11, 17, 22, 26, 28, 30, 41, 47, मनीमाजरा और इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 और 2 में आंशिक रूप से पाइपलाइन बिछी हुई है। अगले तीन महीनों में सभी सेक्टरों को कवर करने की योजना है। चंडीगढ़ अभी तक 35 हजार कनेक्शन अभी तक पूरे शहर में 35 हजार कनेक्शन हैं, जो रिहायशी एरिया में हैं। अब प्रशासन ने इसे 75 हजार तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। एक महीने में 229 घरेलू और 52 कॉमर्शियल कनेक्शन दिए गए हैं। चंडीगढ़ में कुल घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 3.30 लाख है। मार्च-अप्रैल 2026 तक लगभग 3.08 लाख सक्रिय LPG कनेक्शन हैं। वहीं, 35,000 घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है। रोजाना करीब 9,000 घरेलू गैस सिलेंडरों की खपत होती है।