चंबा जिले के उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चांजू में मंगलवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक सुरक्षित बच गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार स्कूल के समीप से गुजर रही थी तभी अचानक अनियंत्रित हो गई। यह सड़क से नीचे गिरते हुए बुसांनका के कैंची मोड़ पर जाकर रुकी। हादसा गंभीर था, लेकिन इसमें किसी भी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। इस मार्ग पर पहले हो चुका है भूस्खलन बताया गया है कि दुर्घटना के समय कार में केवल चालक ही सवार था। हादसे के बावजूद चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। यह घटना पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता को दर्शाती है। देर रात सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गौरतलब है कि इसी सड़क पर बीते दिन एक बड़ा भूस्खलन हुआ था। हालांकि, विभाग ने देर रात युद्ध स्तर पर काम कर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है, लेकिन अभी भी इस मार्ग पर वाहन चलाना जोखिम भरा है।