जालंधर-अमृतसर में धमाके के बाद चंडीगढ़ में हाई अलर्ट:पंजाब पुलिस मुख्यालय का गेट बुलेटप्रूफ, सुरक्षा में और जवान किए तैनात

जालंधर में बीएसएफ हेड क्वार्टर के बाहर हुए धमाके के बाद चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय के मुख्य गेट को बुलेटप्रूफ कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यालय के बाहर पंजाब पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इलाके में लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही चंडीगढ़ पुलिस की पीसीआर भी आसपास लगातार गश्त कर रही है। यह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है, क्योंकि पास ही चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय और पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया का कार्यालय भी स्थित है। जालंधर और अमृतसर में धमाके से बढ़ी सतर्कता मंगलवार रात जालंधर में बीएसएफ हेड क्वार्टर के बाहर धमाका हुआ, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं अमृतसर में आर्मी कैंप के अंदर ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई, लेकिन वह दीवार से टकराकर फट गया। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मौके पर पहुंचकर जांच की और माना कि जालंधर व अमृतसर में IED ब्लास्ट हुए हैं। उन्होंने कहा कि जालंधर में धमाका टाइमर या रिमोट के जरिए किया गया हो सकता है और इसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों की भूमिका की आशंका है। KLA ने ली जिम्मेदारी जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में पुलिस अधिकारियों को धमकी भी दी गई है। इन घटनाओं के बाद चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *