जलंधर के जंडियाला मंजकी में एक कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस हादसे के दौरान ASI गुलजार सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए खुद कुल्हाड़ी से दुकान का शटर तोड़ा और दमकल विभाग के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। पुलिस की इस तत्परता की इलाके में जमकर प्रशंसा हो रही है। जंडियाला मंजकी में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ‘Force Nxt’ नामक कपड़े की दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। यह दुकान हरविंदर सिंह नामक व्यक्ति की है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन व्यापारी का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई (ASI) गुलजार सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान बंद थी और अंदर से धुआं निकल रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने दमकल विभाग का इंतज़ार करने के बजाय खुद मोर्चा संभाला।
ASI कुल्हाड़ी लेकर खुद शटर तोड़ने में जुटे ASI गुलजार सिंह ने पास खड़े एक ट्रैक्टर से कुल्हाड़ी निकाली और खुद ही दुकान का शटर तोड़ने में जुट गए। उनके साहस को देख वहां मौजूद लोग भी दंग रह गए। शटर टूटने के बाद दमकल विभाग की टीम को आग बुझाने में काफी आसानी हुई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना शुरुआती जांच में एएसआई ने बताया कि दुकानदार शायद रविवार को दुकान की लाइट जलती छोड़ गए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से शॉर्ट सर्किट हुआ और तड़के सुबह दुकान में भीषण आग लग गई। दुकानदार के मुताबिक, इस आगजनी में उनका लगभग 50 लाख रुपये का कीमती स्टॉक जलकर राख हो गया है। हैरानी की बात यह रही कि जब दुकान धूं-धूं कर जल रही थी, तब कई लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त थे। ASI गुलजार सिंह ने लोगों से अपील की कि वे ऐसी आपदा के समय वीडियो बनाने के बजाय मदद के लिए आगे आएं। उनकी अपील के बाद कुछ स्थानीय निवासियों ने भी भरपूर सहयोग दिया।