जालंधर में हथियारों के बल पर कैश-मोबाइल लूटा:शॉप में घुसे नकाबपोश बदमाश, 2 सिलेंडर भी ले गए; मालिक बोला- कर्मचारी को डराया

जालंधर में बेखौफ बदमाशों ने देर रात लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सोढल रोड स्थित घई धर्म कंडा दुकान पर दो नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारी को तेजधार हथियारों के बल पर बंधक बनाया और कैश, मोबाइल सहित गैस सिलेंडर लूटकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है। धर्म कंडा शॉप के मालिक अभिमन्यु के अनुसार, उनका कर्मचारी रोजाना की तरह ड्यूटी पर मौजूद था, तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे। हेलमेट पहने आए इन बदमाशों ने दफ्तर में घुसते ही कर्मचारी पर हथियार तान दिए। उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर कर्मचारी को डराया और दफ्तर में रखे 15 हजार रुपए कैश और मोबाइल छीन लिया। नकदी के साथ सिलेंडर भी ले गए लुटेरे हैरानी की बात यह है कि लुटेरे सिर्फ पैसे लेकर ही नहीं रुके। उन्होंने दफ्तर के साथ बने कमरों की भी तलाशी ली। वहां रखे दो गैस सिलेंडर उठाकर अपनी बाइक पर लाद लिए और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी में कैद हुई बदमाशों की हरकत धर्म कंडा के मालिक ने सुबह करीब 10 बजे थाना डिवीजन नंबर 8 में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की संदिग्ध हरकतें कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज खंगाल कर लुटेरों के रूट का पता लगा रही है। थाना आठ के जांच अधिकारी एएसआई जगदीप सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया है। जांच अधिकारी का कहना है कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *