चंबा जिले के चुराह उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीसा पुलिस ने एक युवक को 12 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से यह नशीला पदार्थ बरामद किया।जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को तीसा थाना की टीम पंगोला नाला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि यूसफ खान (36), पुत्र शमशदीन, निवासी गांव नेरा, डाकघर गनेड़, तहसील चुराह, अपनी स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर HP01C-2359) में चिट्टा लेकर थल्ली की ओर जा रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकाम भरमाणी, थल्ली के पास नाका लगाया। संदिग्ध वाहन को रोकने के बाद उसकी तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के कब्जे से 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने यूसफ खान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तीसा थाना में मामला नंबर 43/2026, दिनांक 30.04.2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से यह जानने के लिए पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।