जिप लाइन झूले से 45 फीट नीचे गिरा बच्चा, मौत:मां-बाप के सामने तड़पकर तोड़ा दम, आगरा में बेल्ट खुलने से हादसा…VIDEO

आगरा में चूड़ी कारोबारी के 15 साल के बेटे की 45 फीट ऊंची जिप लाइन से गिरकर मौत हो गई। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा कि नाबालिग जिप लाइन झूले से जैसे ही दूसरे छोर की तरफ बढ़ा, तभी उसके सेफ्टी बेल्ट का हुक खुल गया और वह नीचे गिर गया। उसकी माता-पिता के सामने तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना शहर के ताजगंज में शनिवार को हुई। कुनाल अग्रवाल माता-पिता के साथ फिरोजाबाद से आगरा घूमने आया था। हादसे के बाद पुलिस ने जिप लाइन का संचालन बंद करा दिया। जिप लाइन संचालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिवार का आरोप है कि जिप लाइन कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से हादसा हुआ। लाश के बगल बैठकर रोते रहे माता-पिता
फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल परिवार के साथ शनिवार को आगरा पहुंचे थे। सुबह ताजमहल देखने के बाद ताजगंज की चौपाटी पहुंचे। वहां लगी जिप लाइन को देखकर कुनाल जिद करने लगा। वह कहने लगा कि उसे भी जिपिंग करनी है। उसकी जिद पर पिता ने उसे अनुमति दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्चा जिप लाइन पर चढ़ गया। कर्मचारी ने उसे बेल्ट पहनाई और दूसरे छोर की तरफ धकेला। इसी दौरान हादसा हो गया। वह पहले लोहे की जाली से टकराया, फिर सीधे जमीन पर आ गिरा। माता-पिता ने दौड़कर बेटे को उठाया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। इसके बाद बेटे की लाश के बैठकर रोने लगे। परिवार को समझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पिता ने कहा- बेटे को घुमाने लाया था, अब उसकी लाश कैसे लेकर जाऊं पिता ने रोते हुए कहा- जिप लाइन संचालकों की लापरवाही की वजह से मेरा बेटा चला गया। मैं तो उसे घुमाने लाया था, अब उसकी लाश कैसे घर लेकर जाऊं। आगरा पुलिस मौके पर पहुंचे, बोले- दोषियों के खिलाफ एक्शन हो
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ADCP हिमांशु गौरव ने बताया कि एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है। शुरुआती जांच में सुरक्षा उपकरणों और व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल सामने आ रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी से हुआ या लापरवाही की वजह से। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *