लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव रविवार को मिर्जापुर पहुंचे। उन्होंने मां विंध्यवासिनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मीडिया से बातचीत में तेज प्रताप ने यूपी में भाजपा की स्थिति को मजबूत बताया। सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। तेज प्रताप ने कहा, ‘योगी आदित्यनाथ हैट्रिक मारेंगे। यूपी में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। मैं अखिलेश यादव का समर्थन नहीं करता। मैं कॉकरोच जनता पार्टी को अपना समर्थन दूंगा। मैं उसके विचारों से सहमत हूं।’ उन्होंने भाजपा के साथ अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल के गठबंधन को लेकर कहा- अगर मां विंध्यवासिनी की कृपा रही तो गठबंधन जरूर होगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि गठबंधन किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में संभव हो सकता है। तेज प्रताप की पूजा करते 2 तस्वीरें तेज प्रताप रविवार दोपहर करीब 2 बजे तेज प्रताप मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे। पहले वह अपने तीर्थ पुरोहित राज के अतिथि भवन गए। इसके बाद वहां थोड़ा आराम किया, फिर मंदिर पहुंचे। वहां करीब 40 मिनट रहें। दर्शन करके वापसी के समय दुकान पर रुके। वहां किताबें और तस्वीरें देखी। फिर अतिथि भवन लौट गए। केंद्र सरकार को मंहगाई के मुद्दे पर घेरा
बिहार चुनाव में अपनी हार पर तेज प्रताप ने कहा, राजनीति में हार-जीत एक सामान्य प्रक्रिया है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- देश में लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। डीजल और पेट्रोल के दाम निरंतर बढ़ रहे हैं और केंद्र सरकार को इन बढ़ते दामों पर अंकुश लगाना चाहिए। युवा अंगड़ाई लेता है तो पूरे देश में तहलका मच जाता है
सोशल मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी की चर्चा पर तेज प्रताप यादव ने कहा, जब युवा अंगड़ाई लेता है तो पूरे देश में तहलका मच जाता है। युवाओं की ताकत इतनी बड़ी है कि उन्होंने केवल छह दिन में पूरे देश में माहौल बदलकर रख दिया। युवाओं को “कॉकरोच” कहकर संबोधित किया गया, इसलिए वह युवाओं के समर्थन में खड़े हैं और उनकी आवाज बुलंद करते रहेंगे। खेसारी के बीजेपी अध्यक्ष से मुलाकात को व्यक्तिगत बताया
भोजपुरी फिल्म अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा- वो और उनकी पार्टी जाने क्या करेंगे। यह खेसारी लाल यादव का व्यक्तिगत और राजनीतिक निर्णय है। शनिवार को खेसारी लाल यादव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के घर पहुंचे थे। उन्होंने कहा, मुझे खुशी इस बात की है कि बिहार का एक बेटा पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है। नितिन नवीन हिन्दुस्तान के गौरव हैं। एक व्यक्तिगत संबंध शुरू से है। अगर बिहार का कोई आदमी बड़े स्तर पर जाता है और बिहार को बेहतर बनाने की बात करता है तो हम सब को उसके साथ रहना चाहिए। आज उनका जन्मदिन था। मैंने उन्हें आकर शुभकामना दी। मैं किसी पार्टी में नहीं जाने वाला। मैं एक कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। मैं RJD के साथ था, हूं और रहूंगा। बिहार चुनाव में अखिलेश से नाराज हुए तेज प्रताप बिहार चुनाव से पहले तेजप्रताप यादव से अखिलेश यादव ने वीडियो कॉल पर बात की थी। तेजप्रताप ने खुद इसकी जानकारी अपने X पर दी थी। उन्होंने लिखा था कि, ‘आज मेरे परिवार के सबसे प्यारे सदस्यों में से एक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय अखिलेश यादव जी से वीडियो कॉल पर लंबी बात हुई। तेजप्रताप ने आगे लिखा है कि, इस दौरान बिहार के राजनीतिक हालातों पर भी चर्चा हुई। अखिलेश जी हमेशा से ही मेरे दिल के काफी करीब रहे है और आज जब मेरा हालचाल लेने के लिए उनका अचानक से कॉल आया तो ऐसा लगा जैसे मैं अपनी इस लड़ाई में अकेला नही हूं। बिहार चुनाव में तेज प्रताप ने जनशक्ति जनता दल बनाया था। उन्होंने पार्टी से प्रत्याशी से उतारे थे। अखिलेश बिहार में विपक्ष की अधिकार यात्रा में पहुंचे थे। सूत्रों के अनुसार, तेज प्रताप यादव ने अखिलेश को कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। इतना ही नहीं तेज प्रताप के मैसेज का भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद तेज प्रताप ने अपने करीबी सहयोगी को अखिलेश यादव के होटल भेजा ताकि बातचीत हो सके, मगर अखिलेश ने उससे भी मुलाकात करने से इंकार कर दिया। इससे नाराज होकर तेज प्रताप यादव ने अखिलेश यादव को अपने फोन से ब्लॉक कर दिया। एक इंटरव्यू में तेज प्रताप यादव ने कहा कि अखिलेश यादव धीरेंद्र शास्त्री पर पैसे लेने का आरोप लगाते हैं, लेकिन सवाल यह है कि खुद उनके पास इतना पैसा कहां से आता है। तेज प्रताप यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव महंगी गाड़ियों में घूमते हैं, जबकि उनके आवास में टोंटी तक चोरी हो जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान अखिलेश यादव ने उनका अपमान किया था, इसलिए अब उनसे किसी तरह की बातचीत का कोई सवाल ही नहीं उठता।