चंडीगढ़ में दैनिक भास्कर के 26 वर्षों के पत्रकारिता सफर और जनहित से जुड़ी प्रभावशाली खबरों को समर्पित इम्पैक्ट स्टोरीज एग्जिबिशन का शुक्रवार को सेक्टर-25डी स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मौके पर पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एग्जिबिशन के पहले दिन ट्राईसिटी के अलग-अलग स्कूलों के 500 से अधिक छात्रों ने न्यूजरूम का दौरा कर पत्रकारिता और पत्रकारों के काम-काज करने के तौर-तरीकों को करीब से समझा। उद्घाटन कार्यक्रम में आईएएस अफसर राजीव गुप्ता और पीजीआई के एमएस प्रो. अशोक कुमार के साथ ही कई शिक्षाविद, उद्योगपति और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि दैनिक भास्कर का 26 वर्षों का सफर सराहनीय है। भास्कर लगातार जनहित के मुद्दे उठाता रहा है और जनता की आवाज को मजबूती से सामने लाता है। वहीं मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि मीडिया समाज का आईना होता है। दैनिक भास्कर ने जिम्मेदार पत्रकारिता के जरिए हमेशा लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। पांच स्कूलों के छात्रों ने लिया दौरा एग्जिबिशन के पहले दिन ट्राईसिटी के विभिन्न स्कूलों के 500 से अधिक छात्रों ने एग्जिबिशन का दौरा किया। इनमें गुरुकुल ग्लोबल स्कूल, मोतीराम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, केबी डीएवी स्कूल, शैमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल और सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल के छात्र शामिल रहे। छात्रों ने न्यूजरूम की गतिविधियों को नजदीक से देखा और यह समझा कि खबरें किस तरह तैयार होकर अखबार और डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचती हैं। 26 साल की यात्रा को किया प्रदर्शित एग्जिबिशन में दैनिक भास्कर की उन विशेष खबरों, अभियानों और सामाजिक सरोकारों को प्रदर्शित किया गया, जिन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पिछले 26 वर्षों की पत्रकारिता यात्रा को तस्वीरों, विशेष रिपोर्ट्स और यादगार अभियानों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। न्यूजरूम और एफएम स्टूडियो का विशेष दौरा एग्जिबिशन में एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स टूर भी आकर्षण का केंद्र रहा। आगंतुकों ने न्यूजरूम के कामकाज को करीब से देखा और पत्रकारिता के उस पहलू को जाना, जो आमतौर पर लोगों की नजरों से दूर रहता है। इसके साथ ही एफएम स्टूडियो का विशेष दौरा भी कराया गया, जहां रेडियो प्रसारण से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा की गईं। दैनिक भास्कर की इस पहल को लोगों और विद्यार्थियों ने काफी सराहा और इसे पत्रकारिता को समझने का अनूठा अनुभव बताया।