धर्मशाला में आगामी आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज के सफल आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने ‘वर्षा के देवता’ भगवान इंद्रुनाग का आशीर्वाद लिया है। एचपीसीए प्रबंधन ने रविवार, 26 अप्रैल को खनियारा स्थित इंद्रुनाग मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। यह पूजा मई में होने वाले आईपीएल के तीन हाई-वोल्टेज मुकाबलों और जून में शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीरीज की निर्बाध सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई। इन आयोजनों में ग्लेन मैक्सवेल, ऋषभ पंत, विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी और बॉलीवुड सितारे भी शामिल होंगे। 14 जून को दोपहर 1:30 बजे पहला मैच एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन ने न केवल आईपीएल मैचों, बल्कि 14 जून को धर्मशाला से शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान सीरीज के पहले मैच के सफल आयोजन की भी मन्नत मांगी है। उन्होंने जानकारी दी कि भारत-अफगानिस्तान में पहला मुकाबला 14 जून को दोपहर 1:30 बजे धर्मशाला में खेला जाएगा। मंदिर से लाए गए पवित्र जल का छिड़काव स्टेडियम में किया जाएगा, जिसके बाद ही सभी मैचों की तैयारियां विधिवत रूप से शुरू होंगी। मंत्रोच्चारण के साथ हवन और पूजा-अर्चना मंदिर परिसर में सुबह 9:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन और पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत दोपहर 12:30 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें एचपीसीए सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने बताया कि देवता के आशीर्वाद और पवित्र जल के छिड़काव के बाद सोमवार से मुख्य और अभ्यास पिचों के निर्माण का कार्य पूर्ण गति से शुरू कर दिया जाएगा। तीन मैचों का गवाह बनेगा स्टेडियम धर्मशाला का मैदान इस सीजन में आईपीएल के तीन मैचों का गवाह बनेगा, जिसमें 11 मई को पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, 14 मई को पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस और 17 मई को पंजाब किंग्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मुकाबले खेले जाएंगे। एचपीसीए का मानना है कि आध्यात्मिक आशीर्वाद के बिना कोई भी बड़ा आयोजन अधूरा है, इसलिए परंपरा का निर्वहन करते हुए सफल आयोजन की गुहार लगाई गई है।