मजीठिया का AAP पर तीखा हमला:बोले-AAP MP नहीं, मान-केजरीवाल सबसे बड़े ‘गद्दार’; कहा-खुशहाल पंजाब का खजाना खाली

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर पंजाब सरकार और उसके नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। मजीठिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा सांसदों के घरों के बाहर गद्दार लिखवाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि अगर आज कोई गद्दार है, तो वह खुद भगवंत मान और उनसे भी बड़े गद्दार अरविंद केजरीवाल हैं। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता से बड़े वादे किए थे,रोजगार देने के, उद्योग लाने के और राज्य को खुशहाल बनाने के। लेकिन आज हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि पंजाब का खजाना खाली हो रहा है और सरकार अपने वादों पर पूरी तरह विफल रही है। मजीठिया ने वीआईपी कल्चर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो पार्टी सादगी की बात करती थी, आज वही भारी सुरक्षा और सुविधाओं का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल को भी पंजाब के संसाधनों से सुरक्षा और हेलीकॉप्टर सुविधा दी जा रही है। DGP को चेतावनी, सुरक्षा नीति पर सवाल इसके अलावा मजीठिया ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि पहले सिद्धू मूसेवाला को मरवा दिया, अब क्या हरभजन सिंह की बारी है? कल तक उसे सुरक्षा की जरूरत थी, और आज जैसे ही उसने सरकार छोड़ी, उसकी सुरक्षा हटा ली गई। यह कैसी नीति है? अगर कोई भगवंत मान और केजरीवाल के साथ है तो उसे सुरक्षा चाहिए, और अगर छोड़ दे तो नहीं? डीजीपी साहब, ध्यान दें-कहीं ऐसा न हो कि सिद्धू मूसेवाला की तरह हरभजन सिंह का भी नंबर लगवा दिया जाए। सरकार की कार्यशैली पर तीखी आलोचना पंजाब में मजाक बन चुका है। कल जो धमकियां आई हैं, लॉरेंस ऑफ पंजाब डॉक्यूमेंट्री को लेकर—वह धमकी आपको भी है, मुझे भी है, और कई अन्य नेताओं को भी है। वे कह रहे हैं कि अब पैसे नहीं मांगेंगे, सीधे गोली मारेंगे। ऐसे लोगों से कहना चाहता हूं कि न आप इतने काबिल हैं, न आपकी औकात है ऐसी बातें करने की। पंजाब में यह सब चल क्या रहा है? आप हमें बुरा कहते थे ठीक है, हम मान लेते हैं कि हम बुरे हैं और आप अच्छे हैं। लेकिन अगर आप अपनी कारगुजारी पर नजर डालें, तो शर्म आती है। आप दिल्ली वालों के साथ मिले हुए हैं। आज अगर आपके साथी आपको छोड़कर चले जाते हैं, तो वे गद्दार बन जाते हैं। अंत में मैं यही कहना चाहता हूं कि लोगों, जो कुछ हो रहा है वह ठीक नहीं है, जागो। जो सांसद बने हैं, उनमें अगर मैं हरभजन सिंह की बात करूं, तो उन्होंने देश के लिए खेला है, देश का नाम रोशन किया है। और गुप्ता जी जैसे लोग आज कई लोगों को रोजगार दे रहे हैं ये गद्दार नहीं हैं। मैं मानता हूं कि ये लोग अपने बिजनेस में अच्छे हैं, लेकिन राजनीति में अच्छे नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *