नगर पंचायत चुनाव से पहले भाजपा उम्मीदवार गिरफ्तार:फतेहगढ़ साहिब में कार से शराब की 2 पेटियां बरामद, वोटरों में बांटने की आशंका

फतेहगढ़ साहिब जिले में खमाणों पुलिस ने नगर पंचायत चुनावों से एक रात पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उम्मीदवार और उसके रिश्तेदार को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों व्यक्ति देर रात स्कोडा कार में शराब लेकर अपने वार्ड की ओर जा रहे थे, जहां इसे मतदाताओं में बांटने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत खमाणों चुनावों के मद्देनजर खमाणों पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही थी। इसी दौरान एसएचओ सुरेश कुमार शर्मा की निगरानी में एएसआई लखबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना तभी पुलिस को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि वार्ड नंबर 6 से भाजपा उम्मीदवार हर्ष कुमार अपने रिश्तेदार संजू सिंह के साथ स्कोडा कार में शराब की पेटियां लेकर वार्ड की ओर जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी। कुछ समय बाद बताई गई स्कोडा कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से शराब की दो पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर ही हर्ष कुमार और उसके रिश्तेदार संजू सिंह को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी उम्मीदवार या समर्थक को मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए शराब या किसी अन्य प्रकार का लालच देने की अनुमति नहीं है। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *