श्रीगंगानगरके घमुड़वाली में 12 मासी नहर में एक युवती का शव पानी के साथ बहता हुआ मिला। शव घमुड़वाली पुलिया के पास नहर किनारे देख आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। घमुड़वाली पुलिस ने बताया- बुधवार शाम को करीब 7:30 बजे नहर में युवती का शव आने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकाला। युवती के दोनों हाथ दुप्पटे से बंधे हुए थे। पुलिस ने बताया कि मृतका नाबालिग बताई जा रही है, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। मृतका सरकारी स्कूल की ड्रेस पहने हुए थी और पैरों में स्पोर्ट्स जूते थे। दोनों पैरों में काले रंग का धागा बंधा था, जबकि गले में चेन भी पहनी हुई है। मृतका के दोनों हाथ दुपट्टे से बंधे हुए मिले। पुलिस ने शव को घमुड़वाली पीएचसी की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। वहीं मृतका की पहचान के लिए राजस्थान व पंजाब के सभी पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना भेज दी गई है। आस-पास के इलाकों में भी पूछताछ शुरू कर दी गई है।