नारनौल साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्वालियर निवासी पंकज के रूप में हुई है, जो पहले विभिन्न निजी बैंकों में नौकरी कर चुका है। मामला जिला महेंद्रगढ़ के गांव झूक निवासी सुन्दर कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया था। पीड़ित ने बताया कि उसे वॉट्सएप पर एक्सिस सिक्योरिटी के अधिकारियों के नाम से मैसेज और कॉल आए थे। ठगों ने उसे एक फर्जी ऐप डाउनलोड करवाकर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 22 दिसंबर 2025 से 11 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में 14.26 लाख रुपए जमा करवा लिए। 33 करोड़ का दिखाया मुनाफा पीड़ित के ऐप में 33 करोड़ रुपये से अधिक का फर्जी मुनाफा दिखाया गया। बाद में रकम निकालने के लिए 10 प्रतिशत टैक्स के नाम पर करीब 3.34 करोड़ रुपए और मांगे गए। तब पीड़ित को साइबर ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दी। देशभर की 8 शिकायतें लंबित पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की गई राशि में से 6.33 लाख रुपए ग्वालियर स्थित केकेवीआर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। जांच में यह भी पता चला कि इस खाते के खिलाफ देशभर में 8 शिकायतें लंबित हैं, जबकि दिल्ली में 96 लाख रुपए की ठगी का मामला भी दर्ज है। कई चेकबुक मिली पुलिस टीम ने ग्वालियर में दबिश देकर आरोपी पंकज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी कंपनी रजिस्टर्ड करवाई थी। आरोपी के कब्जे से 11 चेकबुक, 15 एटीएम कार्ड, 4 मोबाइल फोन, 2 सिम कार्ड, 2 मोहरें और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।