नेता-अफसर मुझे जानते हैं:केस क्लोज करो, वरना बेटी के पास पहुंचा दूंगा; वैशाली में नेहा मौत पर मां बोली- सचिवालय ऑपरेटर दामाद रोज धमका रहा

“मेरा दामाद मुझे रोज मोबाइल पर धमकी दे रहा है। कहता है- बेटी के पास पहुंचा दूंगा, वरना केस वापस ले लो। पुलिस और नेताओं के साथ मेरा उठना-बैठना है। तुम लोग मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। सबकुछ सलामत चाहती हो तो केस क्लोज कर दो।” वैशाली में एक महीने पहले नवविवाहिता नेहा ने आत्महत्या कर ली थी। नेहा ने मौत की जिम्मेदार पति को ठहराया था, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। गुरुवार को दैनिक भास्कर की टीम नेहा की मां आरती देवी से बात करने पहुंची तो वो फूट-फूट कर रोने लगी। आरती रोते हुए कहती हैं, पुलिस सिर्फ झूठा अश्वासन दे रही है। दरअसल, 25 अप्रैल को नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी और अपनी मौत से पहले एक ऑडियो जारी किया, जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार पति को ठहराया था। मौत के एक महीने बाद पुलिस ने क्या-क्या कार्रवाई की, मां और अन्य परिजनों का क्या कहना है? केस में अब तक क्या खुलासा हुआ? पढ़िए पूरी रिपोर्ट… अब पढ़िए, मां ने क्या-क्या कहा… मां आरती देवी कहती हैं, “मैं विधवा हूं। मैंने अपने बच्चों को बहुत मेहनत और संघर्ष से पाला है। अपनी इकलौती बेटी नेहा की शादी के लिए जमीन बेच दी थी। मुझे लगा था कि मेरी बेटी खुश रहेगी, लेकिन शादी के कुछ महीने बाद से ही उसकी जिंदगी नरक बना गई थी। शादी के बाद मेरी बेटी पर चार पहिया गाड़ी और एसी की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। जब हम लोग मांग पूरी नहीं की तो उसे मानसिक प्रताड़ित किया गया। मेरी बेटी सब कुछ सहती रही, लेकिन कभी अपनी तकलीफ नहीं बताई। मरने से पहले मेरी बेटी ने मुझे वॉइस ऑडियो भेजा था। उसमें उसने कहा था, ‘मां, मैं मर रही हूं। तुम मयंक राज (पति) को ऐसी सजा दिलाना कि वो कभी दोबारा शादी न कर पाए। मैं तड़प-तड़पकर मर रही हूं, वैसे ही वो भी जिंदगी भर तड़पता रहे।’ मैं सिर्फ अपनी बेटी के लिए न्याय चाहती हूं घटना के एक महीने बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मुझे लगता है कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। आरोपी पक्ष दबंग और पैसे वाला है। अब मुझ पर केस वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। मुझे वाट्सऐप कॉल या फिर घर पर आदमी भेजकर धमका रहे हैं। कुछ लोग थाना और डीएसपी कार्यालय का चक्कर लगाकर जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं सिर्फ अपनी बेटी के लिए न्याय चाहती हूं। मेरी मांग है कि इस मामले में निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए।” घटना से जुड़ी तस्वीरें… मौत से पहले पति को भेजा आखिरी वॉइस मैसेज नेहा ने आत्महत्या से पहले अपने पति मयंक राज को एक वॉइस ऑडियो भेजा था। इसमें उसने कहा था, ‘मैं आपको तीन सप्ताह से सच बता रही हूं। मेरे अंदर अब और हिम्मत नहीं बची है। बस मैं प्रूफ नहीं कर रही हूं। जो भी कर रही हूं आपके कारण कर रही हूं। इसके जिम्मेदार आप हैं। आपको दूसरी शादी करनी है न, शौक से कर लीजिए। बस इतना जान लीजिए मैं सही इंसान थी, जो बोला सब सच और सही कहा था।’ मां को भेजा दर्द भरा वॉइस नोट नेहा ने अपनी मां को भी एक इमोशनल वॉइस रिकॉर्डिंग भेजा था, जिसमें कहा था, ‘मां, मैं मर रही हूं। तुम मयंक राज को ऐसी सजा दिलाना कि वह जिंदगी भर इस दर्द को याद रखे और कभी दोबारा शादी न कर सके। जैसे मैं तड़प-तड़प कर जान दे रही हूं, वैसे ही वह भी पूरी जिंदगी तड़पता रहे।’ यह मैसेज सुनने के बाद परिवार टूट गया है। परिजनों का कहना है कि नेहा लंबे समय से मानसिक तनाव में थी, लेकिन समाज और परिवार की इज्जत बचाने के लिए सब कुछ सह रही थी। पुलिस बोली- आरोपी घटना के बाद से ही फरार है
केस इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर रवि कुमार पाल ने बताया कि मामले में करवाई की जा रही है, आरोपी घटना के बाद से ही फरार है। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ित परिवार को कोई डरा धमका रहा है तो इस पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *