मेरी मंगेतर और ससुरालवालों ने मुझे मिलने के लिए अपने घर पर बुलाया। वहां पहले से ही मेरी होने वाली पत्नी का बॉयफ्रेंड सचिन मौजूद था। जैसे ही मैं अंदर पहुंचा उनलोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इतने ही देर में सचिन ने पीछे से मेरे ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया और तुरंत आग लगा दी। मैंने दर्द से चिल्लाना शुरू कर दिया…मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह मेरी जान बचाई। मुझे अस्पताल में भर्ती कराया। ये कहना है नंदकिशोर रावत के बेटे आदित्य कुमार रावत (25) का, जिसकी मंगेतर ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की है। पीड़ित ने कहा कि, शादी से पहले हर किसी का रिलेशन होता है। इसका मतलब ये नहीं है कि वो व्यक्ति गलत हो। इसी वजह से मैंने अपनी होने वाली पत्नी पर भरोसा किया था। आदित्य कैसे जला? अभी उसकी क्या स्थिति है? कब होने वाली थी शादी? बॉयफ्रेंड ने होने वाले पति को क्या धमकी दी? इन सारे सवालों का जवाब जानने के लिए दैनिक भास्कर की रिपोर्ट पढ़िए… पहले जानिए, क्या है मामला दरअसल, 27 मई की रात आदित्य अपनी मंगेतर और ससुराल वालों के साथ थावे मंदिर घूमने गया था। पूरे दिन वहां पूजा-पाठ करने और घूमने के बाद वो शाम 4 बजे अपने जिला लौटा। इस दौरान लड़की और उसके परिवार वाले अपने घर चले गए। आदित्य को ऑफिस में कुछ काम था तो वो वहां चला गया। शाम करीब 8 बजे आदित्य को मंगेतर के बॉयफ्रेंड सचिन का फोन आया। उसने धमकी दी की आज तुम्हारी होने वाली बीवी को अपने साथ भगाकर ले जाऊंगा। तुम कुछ नहीं कर पाओगे। इतना सुनते ही आदित्य घबरा गया। उसने तुरंत बाइक उठाई और अपने ससुराल चला गया। वहां मंगेतर और उसके बॉयफ्रेंड ने मिलकर आदित्य के साथ खूब मारपीट की। इसके बाद उसे जिंदा जलाने की कोशिश की, लेकिन वो बच गया। घटना सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव का है। कब हुआ था इंगेजमेंट, कब होने वाली थी शादी आदित्य ने बताया, मैं लैब टेक्निशियन के रूप में सीवान में ही जॉब करता हूं। इस बीच पापा ने मेरी शादी सीवान के ही पुरैना गांव की रहने वाली एक लड़की से कर दी। वो अभी ग्रेजुएशन कर रही है। 23 जनवरी 2026 को मंदिर में हमारी इंगेजमेंट हुई। इस दौरान हमारे परिवार के खास लोग उसमें शामिल हुए। सगाई के बाद हमारा परिवार शादी की तैयारियों में जुट गया। इस बीच 1 मई को मेरे फोन पर अनजान नंबर से 15 मिस्ड कॉल आए। जब मैंने कॉल बैक किया तो दूसरी तरफ से एक युवक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने धमकी देते हुए कहा, मेरी गर्लफ्रेंड को छोड़ दो। उसकी तरफ देखना भी मत, वह मेरी है और उससे सिर्फ मैं ही शादी करूंगा। 3 साल से चल रहा था अफेयर इस लड़के के बारे में जब मैंने पता किया तो जानकारी मिली की फोन पर गाली-गलौज करने वाला युवक सचिन है। वो बिहार से बाहर रहकर किसी कंपनी में काम करता है। उसका मेरी होने वाली पत्नी से 3 साल से अफेयर चल रहा था। दोनों एक साथ कॉलेज में पढ़ते थे, लेकिन इस बीच लड़की की शादी उसके घरवालों ने मुझसे तय कर दी थी। लड़का, लड़की से छोटी जाति का है। इसी वजह से उसके घरवाले इस शादी के खिलाफ थे। जब मैंने अपनी होने वाली पत्नी से इस बारे में बात की तो उसने कुछ नहीं बताया। वो मेरी बात सुनने के बाद अचानक रोने लगी। इसके बाद मैंने उसे चुप करवाया और कहा, अब उससे बात मत करना। हमलोगों की शादी फिक्स हो गई है। 15 मई को पता चला वो लगातार बॉयफ्रेंड से कर रही थी बातें 15 मई को फिर जानकारी मिली की वो सचिन से फोन पर लगातार बातें कर रही है। सचिन मुझे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा था। इन बातों से परेशान होकर मैंने अपने घरवालों को इस बारे में बताया। पहले सोचा था लड़की की इज्जत खराब होगी, इसलिए घरवालों को नहीं बताया था, लेकिन बार-बार धमकी मिलने से मैं परेशान हो गया था। इसके बाद मेरे पापा ने लड़की और उसके घरवालों से बात की। उन्हें सब कुछ अच्छे से समझाया। इस दौरान भी लड़की रोने लगी। तब उसके माता-पिता ने कहा, मैं अपनी बेटी को समझाता हूं। आप शादी मत तोड़िएगा। इसी दौरान परिवारवालों ने प्लान किया कि दोनों फैमिली थावे मंदिर जाकर पूजा करेंगे। बुधवार की सुबह 6 बजे मैं, वो और दोनों की फैमिली एक साथ थावे मंदिर भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे। दर्शन करने के बाद शाम 4 बजे मैं काम से ऑफिस चला गया। रात 8 बजे मुझे मेरी मंगेतर का फोन आया, उसने कहा- मां-पापा खाना खाने के लिए घर बुला रहे हैं। वहीं, उसके बॉयफ्रेंड ने मुझे फोन कर कहा, आज रात तुम्हारी मंगेतर को मैं अपने साथ भगाकर ले जा रहा हूं। सचिन ने मेरे शरीर में आग लगा दी ये बात सुनते ही मैं परेशान हो गया। रात 9 अपनी बाइक से मैं अपने मंगेतर के घर के जाने के लिए निकल गया। वहां पहुंचा तो देखा कि मेरी मंगेतर उसके परिवार वाले और सचिन एक साथ वहां मौजूद हैं। मैं परिवार वालों से बात करने लगा, इसी दौरान सचिन ने पीछे से मेरे ऊपर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। मेरी शरीर में आग पकड़ लिया, जिसके बाद मैंने चिल्लाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर अगल-बगल वाले मौके पर पहुंचे। उनको देख सभी लोग मौके पर से फरार हो गए। पड़ोसियों ने मेरे घरवालों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे पिता ने मुझे अस्पताल में भर्ती करवाया। 70% तक जल गया है बॉडी नंदकिशोर रावत ने बताया, घटना की रात हमें सूचना मिली कि मेरे बेटे आदित्य के साथ मारपीट की गई है। उसे जला दिया गया है। फिलहाल मेरा बेटा 70% रूप से झुलसा हुआ है और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। जो भी दोषी है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। हम सिर्फ इंसाफ चाहते हैं। इस मामले में पीड़ित परिवार ने थाने में लड़की और उसके घरवालों के खिलाफ FIR दर्ज करवाया है। वहीं, मुफस्सिल थाना प्रभारी उपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के पिता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।