लुधियाना| न्यू शिवपुरी इलाके से समाज सेवक गुलशन क्वात्रा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का एक विशाल जत्था कान्हा की नगरी वृंदावन के लिए रवाना हुआ। जय श्री राधे के जयघोष के बीच इस जत्थे को विधायक मदन लाल बग्गा और क्षत्रिय महासभा पंजाब के प्रधान डिंपल राणा ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया। यात्रा की मुख्य विशेषता इसका पूर्णतः निशुल्क होना है जिसमें भक्तों के ठहरने से लेकर भोजन तक की समुचित व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है। विधायक बग्गा ने इस पहल को सनातन संस्कृति की जड़ों को मजबूत करने वाला सेवा कार्य बताया। आयोजनकर्ता गुलशन क्वात्रा और संदीप बजाज नीटी ने बताया कि श्रद्धालु बांके बिहारी के दर्शन कर शनिवार को वापस लौटेंगे। रवानगी के दौरान पंडित अजय वशिष्ठ, निर्मला क्वात्रा और शुभम क्वात्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भक्तों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।