पंचकूला में नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को डीसी सतपाल शर्मा और डीसीपी सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व में खड़क मंगोली सेक्टर-1 क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। DC सतपाल शर्मा ने पूरी टीम के साथ अति संवेदनशील पोलिंग बूथ राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी, सेक्टर-17, बूढनपुर, खडक मंगोली और जनैंद्र पब्लिक स्कूल सेक्टर-1 में जाकर इन पोलिंग स्टेशनों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी सतपाल शर्मा ने चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों से सख्ती से आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करने की भी अपील की। लोगों से की कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने इलाके में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से संवाद करते हुए आगामी चुनाव में शांति, भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अफवाह फैलाई तो होगी कार्रवाई डीसी सतपाल शर्मा ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। फ्लैग मार्च के जरिए लोगों में सुरक्षा का संदेश देने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को भी सख्त चेतावनी दी गई है।