पंचकूला के पिंजौर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इंजीनियर जिस रूम में रहता था, उसकी दीवारों पर खून से एक मैसेज लिखा है। मैसेज की राइटिंग कुछ क्लियर नहीं है, हालांकि इंजीनियर ने एक लाइन में लिखा- आई एम अनेबल टू कॉल पुलिस। इंजीनियर के रूम में सामान भी बिखरा हुआ मिला है, आशंका जताई जा रही है कि रूम के अंदर कुछ देर तक हंगामा हुआ। हालांकि पुलिस का कहना है कि रूम अंदर से बंद था, इंजीनियर ने चाकू मारकर सुसाइड किया है। मृतक इंजीनियर की पहचान हैदराबाद के बंधना ऋषिकेश के रूप में हुई है। 10 दिन पहले ही उन्होंने नौकरी जॉइन की थी। वहीं 4 दिन पहले ही उन्होंने ये रूम रेंट पर लिया था। अमरावती एंक्लेव में रहता था सॉफ्टवेयर इंजीनियर बंधला ऋषिकेश (26) पिंजौर की अमरावती एंक्लेव में रहते थे। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक बंधला रूम से बाहर नहीं निलके तो मकान मालिक ने रूम का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक अंदर से जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो उन्होंने पुलिस को कॉल की। अमरावती पुलिस चौकी इंचार्ज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो इंजीनियर खून से लथपथ हालत में मिले। कमरे से सब्जी काटने वाला चाकू बरामद पुलिस ने घटनास्थल से सब्जी काटने वाला चाकू बरामद किया है। चाकू पर खून के निशान भी लगे हुए हैं। रूम के अंदर से पुलिस को एक फोन भी मिला है। फोन लॉक होने की वजह से अभी कुछ डिटेल नहीं मिल पाई है। पुलिस हैदराबाद में इंजीनियर के परिजनों से संपर्क कर रही है। कमरे में दिखे संघर्ष के निशान घटना के बाद पुलिस ने जब घटनास्थल का मुआयना किया तो वहां पर संघर्ष के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। दीवार पर भी खून से एक मैसेज लिखा गया था। जिसकी हैंडराइटिंग स्पष्ट नहीं है। पूरे कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं कमरे में लगा LED टीवी भी फर्श पर पड़ा मिला। ऐसा लग रहा है कि घायल हालत में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने काफी प्रयास किए। 10 दिन पहले नौकरी लगी इंजीनियर बंधला ने 30 मार्च को अमरावती में वैदिक टेक्नोलॉजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर नौकरी जॉइन की थी। 4 अप्रैल को ही बंधला इस मकान में रहने आए थे। मामले की जांच में जुटी पुलिस मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जांच के लिए नमूने इक्ट्ठा किए हैं। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कालका अस्पताल की मॉर्च्यूरी भिजवा दिया गया है।