पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:पूर्व DIG भुल्लर के ठिकानों से डेढ़ करोड़ रुपए जब्त; बठिंडा में पुलिस ने सेक्स रैकेट पकड़ा

चंडीगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर, उनके सहयोगियों और अन्य लोगों से जुड़े चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में स्थित 11 परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान 1.4 करोड़ रुपए की राशि जब्त/फ्रीज की गई। इसके अलावा धन शोधन गतिविधियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर) मोहाली में गला रेतकर पिता की हत्या, बेटी ने प्रेमी संग मिलकर रची साजिश मोहाली में नाबालिग बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गांव खानपुर की रहने वाली राजवंत कौर ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी का गांव दाऊ माजरा के रहने वाले विकास शाह से प्रेम संबंध है। बेटी शादी के लिए परिवार पर दबाव बना रही थी। लेकिन नाबालिग होने के कारण पिता गुरसेवक सिंह इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात को लेकर घर में अकसर विवाद होता था। आरोप है कि बेटी ने परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी। मां कई दिनों से भाई के घर गई हुई थी। 2 मई को वापस लौटी तो घर पर पति नहीं मिला। तलाश करने पर कुछ पता नहीं चला। संदेह होने पर पुलिस में शिकायत दी गई। मां ने बताया कि बेटी प्रेम विवाह के विरोध के चलते उन्हें मारने की धमकियां दे रही थी। (पढ़ें पूरी खबर) बठिंडा में पुलिस ने सेक्स रैकेट पकड़ा, 5 लोग गिरफ्तार बठिंडा जिले की मौड़ मंडी पुलिस ने सेक्स रैकेट को पकड़ा। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए इस धंधे के दो मुख्य संचालकों और एक ग्राहक सहित कुल पांच व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर तरनदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना के अनुसार, मौड़ की चुंगी के समीप स्थित अस्थायी झुग्गियों में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और बाहरी क्षेत्रों से लड़कियों को बुलाकर उनसे देह व्यापार करवाया जाता था। पुलिस ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से चिह्नित स्थान पर छापेमारी की, जहां आरोपियों को संदिग्ध अवस्था में पाया गया।(पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में पुलिस मुठभेड़, बदमाश को लगी गोली अमृतसर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। वेरका इलाके में क्रॉस फायरिंग के दौरान आरोपी कृष्णा सोनिक के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। 5 मई 2026 को रेलवे क्रॉसिंग के पास गश्त के दौरान पुलिस को दो गुटों में फायरिंग की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस पर भी फायरिंग हुई, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। घटना में रणजीत सिंह उर्फ बॉबी और गौतम मेहरा को भी गिरफ्तार किया गया। एक .32 बोर पिस्तौल बरामद हुई, जबकि एक आरोपी पहले फरार हुआ था। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला दर्ज कर जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर) बठिंडा में AAP के सोशल मीडिया इंचार्ज पर केस दर्ज बठिंडा पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज भुल्लर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर बठिंडा सिविल अस्पताल में कार्यरत एक विधवा को परेशान करने और आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप है। यह कार्रवाई सामाजिक संगठनों के कई महीनों के दबाव के बाद की गई है। पुलिस को कई महीने पहले शिकायत मिली थी कि बठिंडा ग्रामीण विधानसभा सीट के आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया इंचार्ज हरतेज भुल्लर ने विधवा को फोन किया और आपत्तिजनक संदेश भेजे। राजनीतिक जुड़ाव के कारण पुलिस ने शुरुआत में कोई कार्रवाई नहीं की थी। सामाजिक संगठनों ने इस मामले में उच्च अधिकारियों के साथ मिलकर आंदोलन की चेतावनी दी। इसके बाद बठिंडा पुलिस ने हरतेज सिंह भुल्लर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर) भारत में सजा काटकर वतन लौटे चार पाकिस्तानी, बोले- नशे की हालत में बॉर्डर पार किया था अमृतसर में अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत सरकार ने चार पाकिस्तानी सिविल कैदियों को रिहा कर वापस भेज दिया। ये सभी कैदी अपनी सजा पूरी कर चुके थे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें पाकिस्तान के अधिकारियों को सौंप दिया गया। रिहा किए गए कैदियों में मोहम्मद इरफान, मोहम्मद रजा, मोहम्मद हमजा और हुसैन शामिल हैं। इनमें से एक कैदी ने लगभग 10 साल की सजा काटी, जबकि अन्य ने 6 महीने से लेकर 1 साल तक जेल में समय बिताया। रिहा हुए कैदियों में से मोहम्मद हमजा ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वह नशे की हालत में गलती से सीमा पार कर गया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसने करीब एक साल से अधिक समय भारत की जेल में बिताया। उसने यह भी बताया कि उसके परिवार को उसकी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। (पढ़ें पूरी खबर) हाईकोर्ट को मिलेंगे 7 नए जज, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने नामों को दी मंजूरी पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 4 मई को हुई बैठक में 7 वकीलों को हाईकोर्ट का जज नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कॉलेजियम की सिफारिश के अनुसार जिन अधिवक्ताओं को जज बनाने की मंजूरी मिली है, उनमें मोनिका छिब्बर शर्मा, हरमीत सिंह देओल, पूजा चोपड़ा, सुनीश बिंदलिश, नवदीप सिंह, दिव्या शर्मा और रविंदर मलिक शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में पैसों को लेकर झड़प लुधियाना के मेहरबान के अधीन गांव नूर वाले के साथ लगती ग्रीन सिटी कॉलोनी में सरेआम मारपीट करने का वीडियो सामने आया है। एक व्यक्ति महिला को धक्के मारकर नीचे फेंकते नजर आ रहा है। उसके साथ हाथापाई की जा रही है। यह पूरा विवाद पैसों के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित बावर सिंह ने बताया कि उन्होंने किसी व्यक्ति को पैसे दिलवाए थे। इसके बाद उन्होंने मूल रकम से ज्यादा पैसे ब्याज के रूप में वापस भी कर दिए। बावर सिंह का आरोप है कि इसके बावजूद कुछ दिन पहले इन लोगों ने उनकी बाइक छीन ली और उनके साथ मारपीट की। पत्नी के भी बाल खींचे। (पढ़ें पूरी खबर) फरीदकोट की केंद्रीय जेल में कैदी ने आत्महत्या की फरीदकोट की केंद्रीय जेल में सोमवार (4 मई) रात एक कैदी ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान फाजिल्का के गांव काठगढ़ निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई है। पिछले 10 दिनों में फरीदकोट जेल में किसी कैदी के आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। जानकारी अनुसार, यह कैदी करीब 11 साल पुराने थाना सदर जलालाबाद (फाजिल्का) में दर्ज हत्या मामले में सजा काट रहा था। जेल प्रशासन के अनुसार, कैदी ने अपनी बैरक के बाथरूम में लगे चैनल से फंदा लगा लिया था। सूचना मिलते ही उसे बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल फरीदकोट में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर) पंजाबी युवक कनाडा से डिपोर्ट, 2 साल पहले गया था, फिरौती मांगने के आरोप कनाडा के सरे शहर में चल रहे फिरौती गिरोह से संबंधित पंजाबी मूल के युवक की पुलिस ने फोटो जारी की है। 4 मई को फोटो जारी कर पुलिस ने युवक की पहचान प्रभजोत सिंह (20) के रूप में की है। कनाडा पुलिस का कहना है कि युवक फिरौती मांगने के मामले में शामिल रहा है। उसे पहले गिरफ्तार किया गया था और अब डिपोर्ट कर दिया है। पुलिस ने कहा कि फोटो जारी करने का मकसद उसके बारे में और डिटेल पता करना है। लोगों से अपील की गई है कि अगर किसी को इसके अपराधों को बारे में पता हो तो बताएं। पुलिस ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से ब्रिटिश कोलंबिया के लोअर मेनलैंड क्षेत्र, खासकर सरे में एक्सटॉर्शन की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इनमें धमकियां, गोलीबारी, घरों पर हमले और हिंसक वारदातें शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर) अमृतसर में बच्चों के विवाद के बाद झड़प, दो पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले अमृतसर के ढप्पई इलाके में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले और धारदार हथियारों, यहां तक कि कृपाण का भी इस्तेमाल किया गया। घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें बड़ी संख्या में युवक गली में तोड़फोड़ करते और दहशत फैलाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, झगड़े की शुरुआत बच्चों के बीच हुई थी, जिसे पहले सुलझा लिया गया था। हालांकि बाद में मामला फिर भड़क गया, जब एक पक्ष ने बाहर से युवकों को बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि करीब 40 युवक गली में घुस आए और घरों पर हमला कर दिया। कई घरों के शीशे तोड़े गए, गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और महिलाओं व बच्चों में डर का माहौल बन गया। (पढ़ें पूरी खबर) चिन्नी कुबाहेड़ी हत्याकांड की मास्टरमाइंड ADGP की भाभी गिरफ्तार, गैंगस्टर के जरिए रची साजिश चंडीगढ़ सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुबाहेड़ी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में मास्टरमाइंड पंजाब एडीजीपी की भाभी अमरीन राय को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमरीन सेक्टर-35 चंडीगढ़ की रहने वाली है। हत्या का कारण प्रापर्टी को लेकर लेनदेन का था। आरोपी को डीएसपी लक्ष्य पांडे की सुपरविजन में क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल की अगुवाई में पकड़ा गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अमरीन और चमनप्रीत के बीच न्यू चंडीगढ़ में खरीदी गई प्रॉपर्टी को लेकर विवाद था। अमरीन का आरोप था कि चमनप्रीत ने उसे धोखा दिया, प्रॉपर्टी महंगे दामों पर बेची और कब्जा भी नहीं दिया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ। इसी रंजिश में उसने उसे सबक सिखाने के लिए हत्या की साजिश रची। जांच में पता चला कि अमरीन ने गैंगस्टर लकी पाटियाल के जरिए हत्या की साजिश की। इस काम में मोहाली के गांव कैम्बाला के निवासी प्रॉपर्टी डीलर हर्षप्रीत सिंह ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। हर्षप्रीत ने एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अमरीन और गैंगस्टर के बीच संपर्क करवाया। अमरीन ने हत्या के बदले बड़ी रकम देने का वादा किया था। हर्षप्रीत की गिरफ्तारी से खुला राज 29 अप्रैल 2026 को क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर मलोया स्थित सत्संग भवन के पास नाका लगाया गया। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर हर्षप्रीत सिंह (27) को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक विदेशी .45 बोर पिस्टल और दो कारतूस बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ शुरू की। जांच में पता चला कि बरामद पिस्टल अमरीन के नाम पर रजिस्टर्ड है, जिससे उसके शामिल होने की बात सामने आई। पूछताछ के दौरान हर्षप्रीत ने कई अहम खुलासे किए, जिसके बाद पुलिस ने मामले को कॉन्ट्रैक्ट किलिंग से जोड़कर जांच तेज कर दी। अवैध रूप से हथियार रखने के चलते हर्षप्रीत के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 54 और 59 के तहत केस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *