पंजाब सीएम भगवंत सिंह मान को अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजिंदर सिंह नागपाल की कोर्ट ने 1 मई को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के आदेश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि पिछली सुनवाई के दौरान उनकी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की अर्जी खारिज कर दी गई थी। उन्हें 28 अप्रैल को कोर्ट में हाजिर होने के लिए कहा गया था। हालांकि, सीएम आज भी किसी जरूरी व्यस्तता के कारण पेश नहीं हो सके। इस पर कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि अगर अगली तारीख पर भी वे पेश नहीं होते हैं, तो उनकी जमानत रद्द की जा सकती है। गौरतलब है कि यह मामला मानसा के पूर्व विधायक नजर सिंह मानशाहिया द्वारा दर्ज कराया गया था। उन्होंने जुलाई 2019 में आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस जॉइन की थी। इसी दौरान संगरूर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा कथित तौर पर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, जिसके खिलाफ उन्होंने अदालत का रुख किया था। फाजिल्का में कार नहर में गिरी, 1 छात्र की मौत फाजिल्का में मलोट हाईवे पर परीक्षा देकर लौट रहे तीन छात्रों की कार नहर में जा गिरी। हादसा कार के अचानक बेकाबू होने के कारण हुआ। एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीन युवक हनी (लुधियाना), अरुणप्रीत सिंह (सलेमशाह रोड, फाजिल्का) और अर्शदीप मलोट से पेपर देकर फाजिल्का लौट रहे थे। रास्ते में कार बेकाबू हो गई और नहर में गिर गई। कार के नहर में गिरते ही तीनों युवक पानी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और गोताखोर मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। गोताखोरों की मदद से हनी और अरुणप्रीत को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, तीसरे युवक अर्शदीप की मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर) फाजिल्का में तीसरी बार सुसाइड करने पहुंचा युवक, पुलिस ने बचाया फाजिल्का में गांव इस्लामवाला के नजदीक गंग कैनाल नहर के पुल पर एक युवक छलांग लगाने के लिए पहुंचा। हालांकि सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने उसे बचा लिया। युवक की काउंसलिंग कर उसे पारिवारिक सदस्यों के हवाले कर दिया गया है। टीम इंचार्ज के मुताबिक का लड़का मानसिक तौर पर परेशान है। इससे पहले भी वह दो बार सुसाइड करने के मकसद से यहां पहुंचा था। दो बार उसे बचाया जा चुका है। एएसआई देवी दयाल सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद के चलते 21 वर्षीय लड़का परेशान होकर गांव इस्लाम वाला के नजदीक बड़ी नहर में छलांग लगाने लगा था। पीछा कर उसे पकड़ लिया और जान बचाई। (पढ़ें पूरी खबर) लुधियाना में ऑफिस में बैठे युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग लुधियाना में बाइक सवार हमलावरों ने एक ऑफिस में बैठे युवकों पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ। फायरिंग का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस के स्पेशल सेल ने एक व्यक्ति को काबू किया है। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि मामला क्लियर हो सके। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। फायरिंग के दौरान ऑफिस में मौजूद युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए एक हमलावर को मौके पर ही काबू कर लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। बाकी आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। (पढ़ें पूरी खबर) AAP में शामिल हुए ‘रुस्तम-ए-हिंद’ जस्सा भट्टी CM भगवंत मान ने ‘रुस्तम-ए-हिंद’ जस्सा भट्टी को आम आदमी पार्टी में शामिल किया है। मान ने सोशल मीडिया (X) पर लिखा- उनके AAP में शामिल होने से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के हमारे संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी। पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के जज़्बे के साथ जुड़कर, हम मिलकर राज्य को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएंगे। खेल जगत में उनकी कड़ी मेहनत और अनुशासन युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। जस्सा भट्टी के साथ मिलकर हम पंजाब के युवाओं को नशे से दूर कर खेलों और स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करने के अपने अभियान को और तेज करेंगे। अमृतसर में BJP नेता सूरी को बम से उड़ाने की धमकी, विदेशी नंबर से आई काॅल अमृतसर में भाजपा युवा मोर्चा के नेता साईंअंश सूरी को जान से मारने की धमकी मिली है। साईंअंश सूरी भाजपा युवा मोर्चा अमृतसर के उपाध्यक्ष हैं। मंगलवार सुबह करीब 10:56 बजे उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसका कोड +44 (यूके) बताया जा रहा है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पंजाब रेजिस्टेंस फ्रंट (PRF) संगठन से जुड़ा बताया और अपना नाम “शेरा गैंगस्टर” बताया। कॉलर ने साईंअंश सूरी को धमकाते हुए कहा कि गुरदासपुर में हाल ही में हुए ग्रेनेड हमले के बाद अब अगला निशाना वही हैं। उसने यह भी कहा कि उनकी गाड़ी को बम से उड़ाने की योजना बनाई जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) कनाडा में 16 मौतों के जिम्मेदार पंजाबी ड्राइव को राहत कनाडा के मशहूर हंबोल्ट ब्रोंकोस बस हादसे के गुनहगार पंजाब मूल के ट्रक ड्राइवर जसकीरत सिंह सिद्धू को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सोमवार सुबह उन्हें भारत डिपोर्ट किया जाना था, लेकिन रवानगी से 2 दिन पहले फेडरल कोर्ट ने इस पर इमरजेंसी रोक लगा दी है। कनाडा की मीडिया रिपोट्स के अनुसार जस्टिस जोसलिन गाग्ने ने यह आदेश तब दिया जब जसकीरत सिंह सिद्धू के वकील ने कनाडा बॉर्डर सर्विस एजेंसी के फैसले को कोर्ट में चुनौती दी। कोर्ट ने अगले आदेशों तक जसकीरत सिंह की डिपोर्टेशन पर रोक लगा दी। दरअसल मूल रूप से संगरूर के रहने वाले ट्रक ड्राइवर के कारण कनाडा के हंबोल्ट ब्रोंकेस में एक रोड एक्सीडेंट हुआ, जिसमें 16 लोगों की मौत हो गई थी और 13 गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में जसकीरत सिंह को 8 साल की सजा हुई, जिसके बाद कनाडा बॉर्डर सर्विस एजेंसी ने उसे डिपोर्ट करने का आदेश जारी किया था। (पढ़ें पूरी खबर)