शिक्षक ने छात्र को वायर से पीटा, अस्पताल में भर्ती:त्रिवेणीगंज के निजी स्कूल का मामला, पुलिस को शिकायत नहीं

त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 25 स्थित प्रगति पब्लिक स्कूल में दूसरी कक्षा के एक छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के एक शिक्षक ने छात्र को वायर से पीटा, जिससे वह घायल हो गया। छात्र को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है, जिसका खुलासा मंगलवार को हुआ। छात्र के परिजनों ने उसे मंगलवार को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सीय जांच में छात्र के जांघ और हाथ पर पिटाई के गहरे निशान मिले हैं। पीड़ित छात्र की पहचान सत्यम के रूप में हुई है, जो इसी विद्यालय में रहकर पढ़ाई करता है। सत्यम ने बताया कि घटना के समय स्कूल में कुछ बच्चों के अभिभावक मौजूद थे। उस दौरान स्कूल में पहले से मौजूद बच्चे शोरगुल कर रहे थे, जिस पर सत्यम ने अन्य छात्रों से शांत रहने को कहा था। छात्र के अनुसार, इसी दौरान स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देख रहे शिक्षक चंदन कुमार वहां आए और उसे पीटना शुरू कर दिया। छात्र ने बताया कि उसने शिक्षक से छोड़ने की गुहार भी लगाई, लेकिन इसके बावजूद उसे जांघ, हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शिक्षक चंदन कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज किया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने के बाद विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *