किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंधेर ने ऐलान किया है कि कल 18 मई को पंजाब में होने वाला धरना फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह धरना चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसरों और डीआरओ दफ्तरों के बाहर लगाया जाना था। पंधेर ने बताया कि यह फैसला ऑल इंडिया किसान मजदूर मोर्चा की मध्य प्रदेश में होने वाली अहम बैठक को देखते हुए लिया गया है। किसान मुद्दों पर बनेगी रणनीति उन्होंने कहा कि देशभर के किसान संगठनों के साथ बैठक में एमएसपी की कानूनी गारंटी, शंभू और खनौरी बॉर्डर के मुद्दे, खाद संकट और किसानों से जुड़े अन्य अहम विषयों पर रणनीति बनाई जाएगी। बैठक के बाद अगले आंदोलन और संघर्ष कार्यक्रमों का ऐलान किया जाएगा। विदेश नीति और अर्थव्यवस्था पर सवाल सरवन सिंह पंधेर ने केंद्र सरकार की विदेश नीति और आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हो रहा है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशों से पाम ऑयल और अन्य तेल बीजों का आयात कर रही है, जबकि देश के किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं मिल रहा। एमएसपी गारंटी की मांग दोहराई पंधेर ने कहा कि अगर सरकार किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी और बेहतर रेट दे, तो देश में तेल बीजों की कमी कभी नहीं होगी। उन्होंने साफ किया कि किसानों की मांगों को लेकर संघर्ष लगातार जारी रहेगा और किसान मजदूर मोर्चा देशभर के किसानों को एकजुट कर आगे की लड़ाई लड़ेगा।