हरियाणा के कैथल में एक लड़के को सोते समय कोबरा सांप ने डंस लिया। कुछ देर बाद लड़के का दम घुटने लगा। परिवार के लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़का 12वीं कक्षा का छात्र था। उसे सांप ने उंगली पर डंसा था, जिसके बाद सांप कमरे में ही बिल में जाकर छिप गया। सूचना मिलने पर स्नेकमैन मौके पर पहुंचा। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद सांप बिल से बाहर निकला। स्नेकमैन ने तुरंत सांप को पकड़ लिया। काले रंग का कोबरा सांप करीब ढाई फुट का था। इसके बाद स्नेकमैन सांप को अपने साथ ले गया और उसे जंगल में छोड़ दिया। प्राइवेट स्कूल में 12वीं का छात्र था मृतक की पहचान गांव ग्योंग के रहने वाले प्रिंस (17) के रूप में हुई। उसके पिता शीशपाल ने बताया कि वे मजदूरी करते हैं। उनका बेटा प्रिंस गांव के पास एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ रहा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। शाम 7 बजे खाना खाकर सो गया शीशपाल ने आगे बताया कि शनिवार शाम 7 बजे प्रिंस खाना खाकर कमरे में बेड पर सो गया था। तभी अचानक सांप ने प्रिंस के हाथ की उंगली पर काट लिया। कुछ देर बाद प्रिंस का दम घुटना शुरू हो गया। पहले तो परिवार को लगा कि उसे हार्ट अटैक आया है। डॉक्टरों ने बताया- सांप के डंसने से मौत हुई पिता ने बताया कि परिवार के लोग प्रिंस को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि प्रिंस की उंगली पर सांप के डंसने का निशान है और इसी वजह से उसकी मौत हुई है। रात 12 बजे स्नेकमैन पहुंचा शीशपाल ने बताया कि इसके बाद वे प्रिंस के शव को घर ले गए। साथ ही स्नेकमैन सतीश फफड़ाना को घटना की सूचना दी। रात 12 बजे स्नेकमैन घर पहुंचा। गांव के लोग भी वहीं पर जमा हो गए। सांप कमरे में बने बिलों में छिपा हुआ था। पहले तो बिलों में पानी डाला गया, लेकिन सांप नहीं निकला। इसी बीच, घर के पीछे जाने पर एक छोटा सांप मिला। रात 2 बजे कोबरा सांप बिल से निकला स्नेकमैन ने बताया कि इस सांप के काटने से प्रिंस की मौत नहीं हो सकती, क्योंकि यह सिर्फ छिपकली खाता है। इसके बाद स्नेकमैन ने कस्सी लेकर कमरे में बिल के आसपास खुदाई करनी शुरू की। रात दो बजे ढाई फुट लंबा कोबरा सांप बाहर निकला। स्नेकमैन ने उसे तुरंत पकड़ लिया।