पंजाब में जल्द बनेगा पंथक गठबंधन:खन्ना में सांसद अमृतपाल के पिता बोले- दो बैठकें हुईं, बेटे को जेल में रखना जबरदस्ती

पंजाब में खडूर साहिब संसदीय सीट से सांसद अमृतपाल सिंह खालसा के पिता तरसेम सिंह खालसा मंगलवार को लुधियाना के खन्ना पहुंचे। अकाली दल वारिस पंजाब दे पार्टी के संस्थापक तरसेम सिंह ने इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और पंथक गठजोड़ को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। तरसेम सिंह खालसा ने बताया कि पंजाब में पंथक गठजोड़ के लिए उनकी तालमेल कमेटी लगातार काम कर रही है। अब तक इस संबंध में दो महत्वपूर्ण बैठकें हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गठजोड़ में शामिल होने वाली विभिन्न पार्टियों के प्रतिनिधियों के सामने शर्तें और सुझाव रखे गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ये प्रयास सफल होंगे और पंजाब में एक मजबूत पंथक गठजोड़ बनेगा। बेटे को बिना पुख्ता सबूत जेल में बंद किया गया : तरसेम इस मौके पर उन्होंने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा सांसद अमृतपाल सिंह और उनके साथियों की रिहाई की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी। तरसेम सिंह ने कहा कि वे पहले दिन से यह मांग कर रहे हैं कि उनके बेटे और अन्य साथियों को बिना किसी पुख्ता आरोप के जेलों में बंद किया गया है, जो अन्याय है। उन्होंने कहा कि तीन साल बाद राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) हटाए जाने के बावजूद पंजाब सरकार द्वारा अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ जेल में रखना जबरदस्ती और धक्केशाही का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जोर-जबरदस्ती का सहारा ले रही है, जिसका जवाब लोग आने वाले समय में जरूर देंगे। जेलों में मानवाधिकारों का पालन कराने की मांग तरसेम सिंह खालसा ने जेलों के अंदर हो रहे कथित अत्याचार के मामलों को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि जेलों में कैदियों के साथ हो रही ज्यादती बर्दाश्त योग्य नहीं है और इस मामले में जेल प्रशासन को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ‘प्रधानमंत्री बाजेके’ से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए जेलों में मानवाधिकारों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की। अंत में उन्होंने कहा कि वे अपने हक और इंसाफ के लिए संघर्ष जारी रखेंगे और किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *