पंजाब में पेट्रोल-डीजल फिर महंगा:चंडीगढ़ में भी दाम बढ़े, मोहाली में पेट्रोल का रेट ₹103.39 पहुंचा; ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने से सब्जियां-राशन और महंगा होगा

पंजाब-चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी दाम बढ़ाए गए थे। यानी महज 10 दिनों के भीतर तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है। चंडीगढ़ में में पेट्रोल करीब ₹98.93 रुपए प्रति लीटर और डीजल ₹86.93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 15 मई से पहले डीजल ₹82.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब लगभग 4 रुपए तक महंगा हो चुका है। वहीं, मोहाली में पेट्रोल का रेट ₹103.39 पहुंच गया। ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की आशंका पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर पड़ता है। शहर में टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ते फ्यूल रेट से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है। क्या अभी और बढ़ेंगे दाम? एक्सपर्ट्स का मानना है कि पेट्रोल-डीजल में ₹3 की यह बढ़ोतरी काफी नहीं है। अपना घाटा पूरी तरह खत्म करने और ‘ब्रेक-ईवन’ यानी नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति में आने के लिए इन कंपनियों को अभी पेट्रोल के दाम ₹28 प्रति लीटर और डीजल के दाम ₹32 प्रति लीटर तक बढ़ाने की जरूरत है। फिलहाल पेट्रोल पर 29.5% और डीजल पर 36.5% की कमी बनी हुई है। अगर ईरान जंग के कारण ग्लोबल एनर्जी मार्केट में सप्लाई इसी तरह प्रभावित रही, तो आने वाले दिनों में और भी इजाफा देखने को मिल सकता है। पेट्रोल-डीजल के रेट बढ़ने से टूर एंड ट्रैवल्स वाले भी टैक्सियों के रेट बढ़ाएंगे? पंजाब टैक्सी यूनियन-31 के प्रधान जीवनजोत सिंह ग्रेवाल का कहना है- फिलहाल तो टैक्सी के रेट नहीं बढ़े। 1-2 दिन में यूनियन की मीटिंग करेंगे और उसके बाद आगे फैसला लेंगे। वैसे भी, अब स्कूलों में गर्मियों की छुट्‌टियों के कारण बुकिंग आने लगी हैं इसलिए टैक्सी यूनियन भी जल्द ही किराए पर फैसला लेगी। पेट्रोल-डीजल के रेट फिर बढ़े तो किराया 5% से 10% बढ़ेगा, इससे लोगों का समर वैकेशन का बजट भी 20% से 30% तक बढ़ जाएगा। पेट्रोल-डीजल का रेट बढ़ने से किराए में 5 से 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो सकती है। अगर लुधियाना से शिमला जाना है तो 7 सीटर सामान्य टेक्सी की बुकिंग 11 से 12 हजार रुपए में हो जाती है। वहीं अगर लग्जरी गाड़ी करते हैं तो किराया 15 से 16 हजार रुपए हो जाता है। उनका कहना है कि 11 से 12 हजार वाली गाड़ियों का भाड़ा 11500 रुपए से 12500 रुपए तक बढ़ जाएगा। रोजमर्रा की ग्रॉसरी आइटम भी पेट्रोल-डीजल रेट बढ़ने से महंगी होंगी? लुधियाना में रिखी राम एंड संस के संचालक व्यापारी नवीन अग्रवाल का कहना है कि जब तक ट्रांसपोर्टर किराया नहीं बढ़ाते तब तक कीमतों पर खास असर नहीं पड़ेगा। ट्रांसपोर्टरों का किराया बढ़ा तो कीमतों में उसी अनुपात में बढ़ोत्तरी हो जाएगी। अगर लोकल लेवल पर ट्रांसर्पोटेशन चार्जेज बढ़े तो कीमतें उससे भी बढ़ जाएंगी। इससे लोगों का रसोई का बजट 10% से 15% तक बढ़ सकता है। दूध तो हाल ही में दो रुपए बढ़ चुका है। अगर आप पूरी रसोई और अन्य जरूरत का सामान 10 से 12 हजार रुपए का लेते हैं तो वो बढ़कर 11 से 13 हजार रुपए हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *