पटना में SSC की तैयारी कर रही छात्रा पर चाकू से हमला हुआ है। लड़की की उम्र 26 साल है। उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात को बॉयफ्रेंड ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान वो उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। लड़की ने विरोध किया तो प्रेमी ने गर्दन और हाथ पर चाकू से हमला कर दिया। बॉयफ्रेंड ने चाकू की नोंक पर उसके साथ संबंध बनाया। घायल छात्रा बदहवास हालत में इलाज कराने IGIMS पहुंची, जहां से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मामला शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की मछली गली इलाके का है। अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम… IGIMS में नौकरी के दौरान हुई थी पहचान लड़की ने पुलिस को बताया कि, अक्टूबर 2025 में मेरी पहचान मधेपुरा के रहने वाले मनीष यादव से हुई थी। हम दोनों IGIMS में डेटा ऑपरेटर के तौर पर काम करते थे। यहीं काम के दौरान हमारी बातचीत शुरू हुई। इसके बाद नंबर एक्सचेंज हुए। हम बाहर भी एक-दूसरे से मिलने लगे। उसने मुझे प्रपोज किया, मैंने भी हां कर दिया। उसने मुझसे कहा था कि हम जल्द शादी कर लेंगे। इस दौरान हम दोनों के बीच कई बार संबंध बने। मैं बिहार SSC की तैयारी करती थी, इसलिए मैंने नौकरी छोड़ दी थी। मैं कदमकुआं इलाके के एक हॉस्टल में रहकर तैयारी करने लगी। इस दौरान भी हमारा मिलना-जुलना जारी रहा। मैं जब भी उससे शादी की बात करती वो गुस्से में आ जाता। हमारा वो दिन खराब हो जाता। मैंने धीरे-धीरे उससे शादी की बात कहना ही छोड़ दिया था। मिलने के बहाने बुलाया और संबंध बनाने लगा पीड़िता के मुताबिक, बुधवार को आरोपी ने उसे शास्त्रीनगर की मछली गली स्थित अपने किराए के कमरे पर बुलाया। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान मनीष उसके साथ संबंध बनाने की कोशिश करने लगा। छात्रा ने संबंध बनाने से इनकार किया, जिसके बाद आरोपी ने चाकू के बल पर जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी छात्रा पर रातभर रुकने का दबाव बना रहा था, लेकिन वह किसी तरह वहां से निकलकर हॉस्टल जाने की बात कहती रही। आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस आरोपी के मछली गली स्थित रेंट वाले किराए के फ्लैट पर पहुंची, लेकिन वह वहां से फरार मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी शुक्रवार को IGIMS में ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचा। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। वह पटना में रहकर एक निजी नर्सिंग होम में पार्ट टाइम नौकरी करती है। उसी से वह अपनी पढ़ाई और रहने खाने का खर्च वगैरह चलाती है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।