पठानकोट में सीवरेज कार्य के दौरान गिरा बिजली का खंभा:चपेट में आने से राहगीर की मौत, स्थानीय लोग बोले- प्रशासन और ठेकेदार जिम्मेदार

पठानकोट के सुजानपुर में चल रहे सीवरेज बिछाने के कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बिजली का खंभा गिरने से एक राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, इलाके में सीवरेज व्यवस्था का काम चल रहा था। इसी दौरान ठेकेदार की कथित लापरवाही के कारण एक बिजली का खंभा अचानक गिर पड़ा। खंभे के नीचे से गुजर रहा एक व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। खंभा गिरने के बाद उससे जुड़ी बिजली की तारों में चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आग लग गई। राहगीर की मौके पर मौत आग की चपेट में आने के कारण राहगीर को बचाना मुश्किल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन और ठेकेदार को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। लोगों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासी न्याय की मांग कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *