सोनीपत में ₹40 के लिए ऑटो ड्राइवर के घोंपा चाकू:किराया मांगने पर पहले बेल्ट से पीटा, हालत गंभीर; रोहतक रेफर

सोनीपत शहर में दिनदहाड़े ऑटो ड्राइवर पर हमला करने का मामला सामने आया है। ड्राइवर ने दो युवकों से किराया मांगा, तो दोनों ने हमला कर दिया। कुंडली बॉर्डर से नाथूपुर मोड़ तक सवारी लेकर पहुंचे ड्राइवर से जब किराया मांगा गया, तो दो युवकों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को पहले सिविल अस्पताल सोनीपत लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे रोहतक रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुंडली बॉर्डर से बैठी सवारियां गांव कवाली निवासी 35 वर्षीय अनिल ने बताया कि वह कुंडली सिंधु बॉर्डर से सोनीपत तक ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के दिन उसकी ऑटो में दो युवक नाथूपुर जाने के लिए बैठे थे। जैसे ही वह गांव नाथूपुर के मोड़ पर पहुंचा और सवारियों से 40 रुपए किराया मांगा, उसी दौरान दोनों युवक भड़क गए और विवाद शुरू हो गया। पहले बेल्ट से पिटाई, फिर चाकू से हमला अनिल के अनुसार, किराया मांगने पर दोनों युवकों ने पहले बेल्ट से उसकी पिटाई शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया, तो आरोपियों ने चाकू निकालकर उस पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। मोबाइल फोन भी ले उड़े आरोपी हमले के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद अनिल को एहसास हुआ कि उसका मोबाइल फोन भी गायब है। आशंका है कि हमलावर ही उसका फोन लूटकर ले गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अनिल ने हिम्मत नहीं हारी। उसने किसी अन्य व्यक्ति से फोन लेकर अपने भाई कुलदीप को घटना की जानकारी दी और खुद ही किसी तरह सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक रेफर कर दिया गया। CCTV खंगालने में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *