पठानकोट पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त के दौरान 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से हेरोइन और भारी मात्रा में नाजायज शराब बरामद की गई है।
गांधी मार्केट के पास हेरोइन बरामद
थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस टीम एएसआई नरेश कुमार के नेतृत्व में गांधी मार्केट से श्मशान घाट रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान स्कूटी पर सवार दो युवकों को संदिग्ध हालत में रोका गया। इस दौरान आरोपी सौरव निवासी बावेयां मोहल्ला और अरुण कुमार निवासी उपरली से 4.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। नशे की हालत में पकड़े गए युवक
पुलिस ने गश्त के दौरान दो अलग-अलग क्षेत्रों से ऐसे युवकों को काबू किया जो नशे की हालत में थे। सुजानपुर के पास से सुरिंदर कुमार को संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। सिविल अस्पताल में कराए गए डोप टेस्ट में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस ने पीर बाबा चौक से ढाकी क्षेत्र की ओर गश्त के दौरान एक युवक को नशे में झूमते हुए पकड़ा। इसका भी डोप टेस्ट पॉजिटिव आया है।
अवैध शराब सहित 2 काबू
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो और गिरफ्तारियां कीं। सदर थाना पुलिस ने सुजानपुर क्षेत्र से रानी देवी नामक महिला को 9 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, नंगलभूर थाना पुलिस ने भी एक व्यक्ति को 6 हजार एमएल अवैध शराब के साथ काबू किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।