पठानकोट में हेरोइन सहित 2 गिरफ्तार:बाइक सवार युवकों से हेरोइन के साथ ड्रग मनी और इलेक्ट्रॉनिक कंडा भी बरामद

पठानकोट पुलिस ने 2 युवकों को हेरोइन और ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अंगूरां वाला बाग निवासी बलजीत सिंह और बैंक कालोनी निवासी अरुण कुमार के तौर पर हुई है।
थाना 2 पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि आरोपियों के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक जांचे जा रहे हैं। जांच में जिन लोगों के नाम सामने आएंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। बाइक पर सवार थे दोनों आरोपी
जानकारी के मुताबिक, चक्की पुल सर्विस रोड एमआईजी फ्लैट के साथ गली में मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों को थाना 2 पुलिस ने 32.38 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवकों द्वारा नशा बेचकर कमाए 7100 रुपए और इलेक्ट्रॉनिक कंडा भी बरामद किया है। थाना डिवीजन नं. 2 पुलिस ने हेरोइन, मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक कंडा और नकदी कब्जे में लेकर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपी ने जेब से लिफाफा निकाल फैंका बाहर
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक थाना 2 में तैनात एसएसआई हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस शहीद भगत सिंह चौक से चक्की पुल सर्विस रोड पर जा रही थी। जब पुलिस एमआईजी फ्लैट के साथ लगती गली के साथ पार्क के गेट पर पहुंची तो गेट के पास दो युवक मोटरसाइकिल पर बैठे दिखाई दिए।
एक युवक ने जेब से लिफाफा निकालकर फेंक दिया। पुलिस ने शक के आधार पर दोनों युवकों को काबू कर लिया। पुलिस ने लिफाफे को चेक किया तो उसमें 32.38 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने युवक की तलाशी करने पर उससे इलेक्ट्रॉनिक कंडा और पिछली जेब से 7100 रुपए बरामद किए गए। बलजीत सिंह ने बताया कि यह राशि उन्होंने हेरोइन बेचकर कमाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *