पठानकोट के हलका भोआ और आसपास के इलाकों में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रहीं हैं। ताजा मामला नरोट मेहरा में सामने आया है, जहां चोरों ने नॉनवेज की 2 दुकानों को निशाना बनाते हुए दुकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही इन चोरियों से स्थानीय दुकानदारों और निवासियों में भारी रोष पाया जा रहा है। रात 11 बजे बंद की थी दुकान, सुबह मिली ताले टूटने की सूचना
गांव तरगढ़ के निवासी पूर्व सरपंच और पीड़ित दुकानदार बंटी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वह हर रोज की तरह बीती रात करीब 11 बजे अपनी दुकान बंद करके घर गए थे। सुबह उन्हें किसी ने फोन पर सूचना दी कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। जब वह मौके पर पहुंचे तो दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने बड़ी चालाकी से ताले तोड़कर पूरी दुकान को खंगाल डाला था।
एक ही रात में दो दुकानों में कोशिश
बंटी के अनुसार चोर उनकी दुकान से लगभग 40 हजार रुपये की कीमत का कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने उसी रात पास की एक अन्य दुकान के ताले भी तोड़े। पीड़ित दुकानदार बंटी ने रोष जताते हुए कहा कि उनकी दुकान पर पहले भी चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस को सूचित करने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ठीक 3 दिन पहले भी चोरों ने पास की ही एक वेल्डिंग की दुकान के ताले तोड़कर भारी मात्रा में लोहे का सामान साफ कर दिया था। लोगों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि चोरों की तस्वीरें कई बार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। भोआ के स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि चोर बेखौफ घूम रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में रात की गश्त को तुरंत बढ़ाया जाए ताकि व्यापारियों की सुरक्षा यकीनी बनाई जा सके। दुकानदारों और ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने सुस्ती छोड़कर चोरों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी नहीं की, तो वे पुलिस प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।