लुधियाना के हैबोवाल इलाके में एक मामूली सी बात को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हैबोवाल में भूरीवाला गुरुद्वारा के पास स्थित एचपी (HP) पेट्रोल पंप पर दोपहर करीब 2:30 बजे एक ग्राहक और पेट्रोल पंप कर्मियों के बीच 20 रुपये के फटे नोट को लेकर तीखी नोकझोंक हुई जिसने जल्द ही एक बड़े हंगामे का रूप ले लिया। फटे नोट से शुरू हुआ विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार,एम दोपहर के समय एक व्यक्ति पेट्रोल पंप पर अपने वाहन में तेल डलवाने आया था। तेल भरवाने के बाद भुगतान करते समय उसने जो पैसे दिए, उसमें 20 रुपये का एक नोट फटा हुआ था। इसी फटे हुए नोट को लेने से इनकार करने पर ग्राहक और पंप के कर्मचारियों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच सरेआम जमकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना के कारण पंप पर तेल भरवाने आए अन्य लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मीडिया के सामने दोनों पक्षों ने साधी चुप्पी हैरानी की बात यह है कि इस खुलेआम हुए विवाद के बाद अब दोनों पक्ष इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। घटना के बाद जब पीड़ित (ग्राहक) और पेट्रोल पंप के मालिक से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई तो दोनों ने ही इस पूरे विवाद पर पूरी तरह से चुप्पी साध ली और कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया। ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों पक्ष मामले को सुलझाने में लगे हुए हैं पुलिस को शिकायत का इंतजार इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जब हैबोवाल थाने के एसएचओ (SHO) से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्थिति स्पष्ट की। एसएचओ ने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत (लिखित या मौखिक) दर्ज नहीं करवाई गई है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई जरूर की जाएगी।