पठानकोट स्टेशन पर जीआरपी का सर्च ऑपरेशन:राजपुरा में धमाके के बाद चला तलाशी अभियान; बम निरोधक दस्ते ने की यात्रियों के सामान की जांच

पटियाला में शंभू बॉर्डर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध धमाके के बाद पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी कड़ी में पठानकोट सिटी स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एक बड़ा तलाशी अभियान चलाया गया।यह अभियान जीआरपी थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा चलाया गया, जिसमें स्टेशन परिसर को पूरी तरह से घेर लिया गया। तलाशी का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे को टालना और यात्रियों में सुरक्षा का भाव पैदा करना था। जीआरपी के साथ बम निरोधक दस्ता भी मौजूद अभियान की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी के साथ बम निरोधक दस्ता भी मौजूद था। टीम ने प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों के डिब्बों के नीचे, सीटों के पीछे और यात्रियों के भारी सामान की गहनता से जांच की। पार्सल घर में रखे पैकेटों को मेटल डिटेक्टर से चेक किया गया, और स्टेशन की पटरियों के आसपास के खाली हिस्सों की भी बारीकी से तलाशी ली गई। यात्रियों के आधार कार्ड भी जांचे गए। स्टेशन और पटरियों पर बारीकी से जांच थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि जीआरपी पुलिस समय-समय पर स्टेशनों और पटरियों पर बारीकी से जांच करती है। आज के सर्च ऑपरेशन के दौरान स्टेशन परिसर या पटरियों पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं पाया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें स्टेशन या ट्रेन में कोई लावारिस बैग, खिलौना या कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखे, तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पास के पुलिसकर्मी या रेलवे हेल्पलाइन पर सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *