पर्यटकों के लिए खुला पर्यटन स्थल मढ़ी, अधिसूचना जल्द:रोहतांग परमिट वाले वाहनों को ही गुलाबा से आगे जाने की अनुमति

बर्फबारी देखने के लिए मनाली आने वाले पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रशासन ने सड़क निरीक्षण के बाद प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मढ़ी को पर्यटकों के लिए खोलने का निर्णय लिया है। हालांकि, यहां तक जाने के लिए सुरक्षा और नियम कायदों का पालन करना जरूरी होगा। आज एसडीएम मनाली रमन शर्मा और बीआरओ (BRO) के प्रोजेक्ट दीपक के मेजर एम.एस. परमार ने मनाली से मढ़ी तक के मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने पाया कि सड़क पूरी तरह से सुचारू और सुरक्षित है। निरीक्षण के बाद एसडीएम कार्यालय ने रिपोर्ट उपायुक्त (डीसी) कुल्लू को भेज दी है। प्रशासन से हरी झंडी मिलते ही आज देर शाम तक इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी होने की उम्मीद है। वैध परमिट के बिना नहीं मिलेगी एंट्री प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गुलाबा बैरियर से आगे मढ़ी तक केवल उन्हीं वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी, जिनके पास रोहतांग पास का वैध परमिट होगा। बिना परमिट के किसी भी वाहन को आगे नहीं भेजा जाएगा। इससे ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने और रोहतांग पास के नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। रोहतांग दर्रा: मनाली के पर्यटन की ‘लाइफ लाइन’ मनाली के पर्यटन सीजन के लिए रोहतांग दर्रा हमेशा से रीढ़ की हड्डी रहा है। यहां पर्यटक जुलाई के अंत तक बर्फ का आनंद ले सकते हैं। हालांकि, इस बार दर्रा खुलने में हो रही देरी का असर पर्यटन सीजन पर पड़ रहा है। वर्तमान में मढ़ी में बर्फ लगभग पिघल चुकी है, केवल ब्यासनाला के पास ही पर्यटकों को थोड़ी-बहुत बर्फ देखने को मिल सकती है। अटल टनल बनाम रोहतांग पास पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि अटल टनल खुलने के बाद से रोहतांग पास कहीं न कहीं उपेक्षा का शिकार हो रहा है। देरी से बहाली होने के कारण जब तक पर्यटक रोहतांग पहुंचेंगे, तब तक वहां भी बर्फ पिघलने के कगार पर होगी। इससे मनाली के उस खास पर्यटन आकर्षण पर असर पड़ सकता है जो सालों से देश-विदेश के सैलानियों को खींचता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *