पलवल में युवक की आंखों में डाला मिर्च पाउडर:हथौडे़ से किया हमला, दुकान पर बैठा था, दो कार और बाइक पर आए हमलावर

पलवल में एक युवक की आंखों पर मिर्च पाउडर डालकर हथौड़ों से हमला किया गया है। युवक अपनी दुकान पर बैठा था, तभी कुछ अज्ञात हमलावरों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शहर थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर छह नामजद सहित दस आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि रामनगर (दुकिडया) मोहल्ला निवासी अमित ने पुलिस को शिकायत दी है। अमित के अनुसार, वह शनिवार दोपहर करीब दो बजे अपनी घर पर बनी दुकान पर बैठा था, तभी दुकान के सामने एक कार और दो बाइकें आकर रुकीं, जिनसे कुछ युवक उतरे। हाथ में हथौड़े लेकर पहुंचे हमलावर अमित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही हमलावरों ने उसकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। इसके बाद उन्होंने हाथों में लिए हथौड़े और फरसे से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में अमित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। झगड़े का शोर सुनकर अमित के परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए और धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। परिजनों ने घायल अमित को तुरंत उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। छह नामजद समेत 10 के खिलाफ केस दर्ज पुलिस ने घायल अमित की शिकायत के आधार पर भाटिया कॉलोनी निवासी हरीश, भोला उर्फ उपेंद्र, और संजय कॉलोनी निवासी रोहित, भरतू व सतीश सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अतिरिक्त, चार अन्य अज्ञात आरोपियों को भी इसमें शामिल किया गया है। हमले की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले में कोई गिरफ्तार नहीं हो सकी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *