जालंधर में बुधवार को हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। बॉयफ्रेंड गर्लफ्रेंड को भगा ले गया तो युवती के परिजनों ने युवक को शादी करवाने के बहाने घर बुला लिया। वहां उसे खंभे से बांधकर जमकर पीटा गया। मारपीट से आहत युवक और उसका परिवार पुलिस थाने पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस ने युवती के परिजनों को भी बुला लिया। यहां युवक-युवती ने साफ कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अपनी मर्जी से साथ गए थे। इसके बाद शिवसेना समाजवादी के पंजाब अध्यक्ष नरेंद्र थापर ने दोनों परिवारों को समझाया। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए और थाना नंबर-5 के बाहर मंदिर में प्रेमी जोड़े की शादी करवा दी गई। 3 से लापता थी लड़की, परिजनों ने युवक बुलाया
मामला बस्ती नौ में सामने आया। जानकारी के अनुसार, युवती 3 दिन से अपने घर नहीं पहुंची थी। लड़की के परिवार वालों को शक था कि वह युवक के साथ है। उन्होंने योजना बनाकर युवक को प्यार से बस्ती नौ में बुलाया। जैसे ही युवक वहां पहुंचा, परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और एक खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद युवक थाना डिवीजन नंबर 5 में पहुंचा। यहां युवक ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं और अपनी मर्जी से साथ थे। शिवसेना नेता नरेंद्र थापर ने की मध्यस्थता
इस विवाद की सूचना मिलने पर शिवसेना समाजवादी के पंजाब अध्यक्ष नरेंद्र थापर भी लड़की पक्ष की ओर से मौके पर पहुंचे। उन्होंने जब लड़की से एकांत में बातचीत की तो सच्चाई सामने आई। लड़की ने स्पष्ट किया कि वे दोनों बालिग हैं और एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते हैं। इसके बाद नरेंद्र थापर ने दोनों परिवारों को बिठाकर समझाया। उन्होंने कानूनी पेचीदगियों और बच्चों की पसंद का हवाला देते हुए दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया। थाने के बाहर गूंजी शहनाइयां
काफी विचार-विमर्श के बाद दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए। इसके बाद थाना नंबर 5 के बाहर ही मंदिर में दोनों की शादी करवा दी गई। लड़की की मां और मौसी ने भी इस विवाह को स्वीकार कर लिया और नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद दिया। शादी संपन्न होने के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस को लिखित बयान दिए कि वे अब इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। आपसी रजामंदी से शादी करने का फैसला लिया
थाना डिवीजन नंबर 5 के एडिशनल एसएचओ जसवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को बस्ती नौ में झगड़े और मारपीट की सूचना मिली थी। जब दोनों पक्ष थाने आए तो पता चला कि मामला प्रेम प्रसंग का है। जसवीर ने कहा की दोनों परिवारों ने आपसी रजामंदी से शादी करने का फैसला किया। हमने दोनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामला शांतिपूर्वक सुलझ गया है। फैक्ट्री में नौकरी करता है युवक
युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा का रहने वाला है। वह फैक्ट्री में नौकरी करता है। युवक परिवार के साथ जालंधर के फोकल पॉइंट में रहता है। वह पिछले करीब एक साल से युवती के साथ रिलेशनशिप में है। युवती पांच भाई-बहन हैं। उसकी मां इस रिलेशनशिप के खिलाफ थी।