पानीपत शहर के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कच्चा काबड़ी फाटक स्थित एक कंपनी में सोमवार सुबह एक हादसा हो गया। यहां एक पिकअप ड्राइवर द्वारा लापरवाही और गफलत में गाड़ी को बैक करते समय डेढ़ साल से कुछ अधिक उम्र की मासूम बच्ची को कुचल दिया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पास ही खेल रही थी मासूम गंगाराम कॉलोनी के मोहम्मद उवैस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है। उसकी सबसे छोटी बेटी दुआ (उम्र करीब 1 साल 9 माह) सोमवार को अपनी मां बुदीना परवीन के साथ कंपनी में गई थी। सुबह करीब 10 बजे मां कंपनी के अंदर अपना काम कर रही थी और छोटी दुआ वहीं पास में खेल रही थी। लापरवाही बनी मौत का कारण परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद एक पिकअप ड्राइवर ने गाड़ी को बिना देखे, तेज रफ्तारी और गफलत में बैक करना शुरू कर दिया। मासूम दुआ गाड़ी की चपेट में आ गई और ड्राइवर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया। आनन-फानन में बच्ची को संभाला गया, लेकिन चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी जान नहीं बच सकी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने मोहम्मद उवैस की शिकायत के आधार पर पिकअप ड्राइवर के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी ड्राइवर की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।