पुनपुन में सड़क हादसे में बच्ची की मौत:आक्रोशित परिजनों ने किया हंगामा, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पटना जिले के पुनपुन थाना क्षेत्र के समकूढा गांव में एक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान समकूढा निवासी दिनेश राम की बेटी रिया कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रिया अपने गांव की सड़क के पास खड़ी थी, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने पुनपुन थाना को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और माहौल को सामान्य किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच, पटना भेज दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है। पुनपुन थाना प्रभारी बेबी कुमारी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *