बिहार में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 60Kmph की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है। इस बीच मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसे लेकर 19 जिलों में यलो, जबकि 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अब तक सामान्य से 193% अधिक बारिश दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों में कैमूर 40 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं, बक्सर समेत 5 जिलों का तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। पटना में आज तेज बारिश की संभावना पटना में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मंगलवार को राजधानी में आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही तेज बारिश के साथ-साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। दिन के समय उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है, लेकिन बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट आने से राहत मिलने की उम्मीद है। आगे कैसा रहेगा मौसम बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रहेगा। मौसम विभाग ने कई हिस्सों में आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की है। जानिए पिछले 24 घंटे में कहां कितना तापमान रहा प्रदेश में प्री-मानसून सक्रिय मौसम वैज्ञनिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और आसपास बने सिस्टम के कारण बिहार में लगातार मौसम बदल रहा है। हालांकि, 20 मई से मौसम सामान्य होने की संभावना है। अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को अधिक गर्मी महसूस होगी।