प्रशासनिक धक्केशाही के खिलाफ बरनाला बंद:नामांकन रद्द होने को लेकर व्यापारी रेलवे स्टेशन पर जुटे; भारी पुलिस बल तैनात

बरनाला शहर आज पूरी तरह बंद है। वार्ड नंबर 31 से भाजपा प्रत्याशी रजनी रानी और आजाद प्रत्याशी स्वीटी के नामांकन पत्र रद्द किए जाने के विरोध में यह बंद बुलाया गया है। भाजपा, कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल, व्यापार मंडल और अन्य सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने संयुक्त रूप से बंद का आह्वान किया है। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में व्यापारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास एकत्रित होना शुरू हो गए हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने रेलवे स्टेशन और जिला मुख्यालय के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। व्यापार मंडल के प्रधान अनिल बंसल नाना ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या और प्रशासनिक धक्केशाही बताया। उन्होंने कहा कि बरनाला की जनता और व्यापारिक वर्ग इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। जिला मुख्यालय के आसपास स्थिति तनावपूर्ण बंसल ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन, पुलिस या सरकार ने बंद को जबरन दबाने या ऐसी तानाशाही जारी रखने की कोशिश की, तो इसका और भी तीखा जवाब दिया जाएगा। रेलवे स्टेशन और जिला मुख्यालय के आसपास स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, जहां भारी पुलिस सुरक्षा के बीच व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, गुरदीप बाठ और संजीव शौरी सहित कई नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *