हिसार की गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJU) के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई के कार्यकाल को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। हरियाणा के राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने उनके कार्यकाल को विस्तार देने की अधिसूचना जारी कर दी है। राजभवन द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, प्रो. बिश्नोई का वर्तमान कार्यकाल 2 मई 2026 से अगले आदेशों तक बढ़ा दिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह विस्तार आवश्यकता के तहत प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के लिए दिया गया है। अधिसूचना के मुताबिक, प्रो. बिश्नोई तब तक पद पर बने रहेंगे जब तक कि नए कुलपति की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती या फिर आगामी कोई सरकारी आदेश जारी नहीं होता। राज्यपाल की ओर से जारी आदेश की कॉपी… छात्र महापंचायत के एक दिन बाद ही आदेश जारी
यह आदेश ऐसे समय में आए हैं जब हिसार में जेजेपी की ओर से छात्र महापंचायत की गई थी और जीजेयू के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। छात्र महापंचायत में सरकार पर आरएसएस की विचारधारा थौंपने के आरोप लगे थे। बता दें कि वीसी नरसीराम बिश्नोई ने इनेसो को कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद 15 मार्च को इनेसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान कुलपति पिछले गेट से निकल गए थे। इसके बाद जजपा नेताओं और छात्राओं ने हिंसक प्रदर्शन किया था। यूनिवर्सिटी प्रबंधन की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस
बता दें कि 15 अप्रैल को GJU में इनसो का प्रदर्शन से शुरू हुआ। कार्यक्रम की अनुमति न मिलने पर दिग्विजय चौटाला की अध्यक्षता में जजपा ने वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यूनिवर्सिटी प्रबंधन की शिकायत पर तोड़फोड़ के आरोप में दिग्विजय चौटाला समेत 8 नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जिनमें से 6 नेताओं को गिरफ्तार भी किया गया था। हालांकि, उन्हें अगले दिन जमानत मिल गई। जजपा नेताओं पर एफआईआर दर्ज होने के बाद 17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला गिरफ्तारी देने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सीआईए इंचार्ज पवन कुमार से विवाद हो गया। दुष्यंत ने आरोप लगाया कि पवन कुमार ने उनका काफिला रोककर धमकाया, जबकि पवन कुमार का कहना था कि दुष्यंत के काफिले में चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी का ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था, इसलिए उसे रोककर समझाया गया। मुख्यमंत्री के आने से दो दिन पहले नियुक्ति बता दें कि जीजेयू में मुख्यमंत्री का आगमन 30 अप्रैल को हो रहा है। ऐसे में दो दिन पहले ही वीसी नरसीराम बिश्नोई को दोबारा नियुक्ति दे दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी जीजेयू में अमृता देवी सर्कल का लोकार्पण और नए महिला छात्रावास व नर्सिंग ब्लॉक का शिलान्यास करेंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय में शुरू किए गए नए पैरामेडिकल कोर्सेज के लिए नए नर्सिंग ब्लॉक की आधारशिला भी रखी जाएगी। वहीं हाल ही में कुलपति प्रो. बिश्नोई ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट सौंपी थी।