फतेहाबाद ब्रांच से गोरखपुर माइनर में लीकेज:कई एकड़ फसल डूबी; किसान बोले- अधिकारियों ने समय पर नहीं संभाला

जिले के भूना क्षेत्र में फतेहाबाद ब्रांच नहर से गोरखपुर माइनर में आया पानी लीकेज होने का मामला सामने आया है। सुबह 5 बजे से पानी लगातार चलता हुआ आसपास के खेतों में भर गया। इससे किसानों की कई एकड़ में फसल खराब हो गई। किसानों ने इसकी सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी। किसानों का आरोप है कि तीन घंटे तक भी अधिकारियों की ओर से कोई जेसीबी नहीं भेजी गई। बार-बार फोन पर आश्वासन देते रहे। इस कारण लगातार पानी खेतों में भरता रहा। किसान गर्व सिंह, जीत सिंह, चांदीराम, साहिल कुमार, रामफल, कश्मीर सिंह आदि ने बताया कि पिछले तीन दिन से फतेहाबाद ब्रांच से रजवाहे के अंदर पानी आ रहा था। धीरे-धीरे पानी यहां से लीक होकर निकल रहा था। किसानों ने आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इस बारे में तीन दिन पहले ही बताया गया, लेकिन किसी अधिकारी के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। इसके बाद पानी का बहाव गुरुवार सुबह तेज हो गया। इसके बाद पानी तेजी से खेतों में भरने लगा। आसपास की ढाणियों में रहने वाले लोगों को भी खतरे का आभास होने लगा। इसके बाद किसानों ने अपने स्तर पर ही पानी रोकने के प्रयास किए और साथ ही अधिकारियों से भी लगातार अपडेट लेते रहे। मूंग, सब्जियों की फसल हुई खराब किसानों ने बताया कि पानी भरने से मूंग और सब्जियों की फसल को काफी नुकसान हो गया है। तीन-चार बोर भी लगे हुए हैं, वो भी पानी में डूब गए। 50 एकड़ की पनीरी में भी पानी भर गया। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारी समय पर पानी लीकेज रोकने के प्रबंध नहीं करते। बाद में किसानों पर ही पानी तोड़ने के आरोप लगा देते हैं। एक तरफ पीने को पानी नहीं, यहां बेकार बह गया किसानों ने कहा कि एक तरफ भीषण गर्मी में लोगों को पीने के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। दूसरी तरफ यहां हजारों लीटर पानी बेकार बह गया है। किसानों ने मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *