फरीदकोट जिले में चोरी की बढ़ती घटनाएं लोगों की चिंता का कारण बनती जा रही हैं। खासकर दिनदहाड़े हो रही वारदातों ने आम जनजीवन में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। ताजा मामला गांव मानी सिंह वाला से सामने आया है, जहां एक घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब एक लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। शिकायत के बाद थाना सादिक पुलिस ने पड़ोसी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गांव मानी सिंह वाला निवासी गृहिणी सोनी कौर पत्नी गुरभेज सिंह ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने पति और लड़के के साथ घर से बाहर गई थी। जब वे वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे। पड़ोस में रहने वाले युवक ने चोरी की उन्होंने अंदर जाकर देखा तो पता चला कि पेटी में रखे पर्स से 1 लाख रुपए की नकदी गायब थी। परिवार द्वारा अपने स्तर पर की गई जांच में सामने आया कि चोरी की इस वारदात को उनके पड़ोस में रहने वाले रवि ने अंजाम दिया है, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है-जांच अधिकारी इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई हरजोत सिंह ने बताया कि पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपी पड़ोसी युवक रवि के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की गई नकदी बरामद कर ली जाएगी।