फरीदकोट में पिस्टल-कारतूस समेत युवक गिरफ्तार:श्मशान घाट के पास पकड़ा गया, बड़ी वारदात की थी प्लानिंग; फिरोजपुर का रहने वाला

फरीदकोट जिला पुलिस ने अवैध हथियार समेत एक युवक को गिरफ्तार कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक ग्लॉक पिस्टल 9 एमएम, मैगजीन और 3 कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना बाजाखाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आवा बस्ती फिरोजपुर निवासी राज पुत्र बोहड़ नाथ के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि एसएसपी डॉ. जैन के निर्देशों पर जिले में असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी के तहत सीआईए स्टाफ जैतो के इंचार्ज एएसआई दर्शन सिंह की निगरानी में एएसआई जसवीर सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने गश्त के दौरान गांव राऊवाला में श्मशान घाट के पास से सुनसान जगह पर बैठे आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उससे पिस्टल व कारतूस बरामद हुए। बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जाएगी: डीएसपी इस मामले में डीएसपी (डी) अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी को अदालत से 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है और उससे बरामद हथियार के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *