बटाला पुलिस के अधीन आने वाले थाना सेखवां में पुलिस सुरक्षा की बड़ी चूक सामने आई है। बीती रात हवालात का ताला तोड़कर दो आरोपी फरार होने में कामयाब हो गए। फरार हवालातियों में से एक पर हत्या और दूसरे पर ड्रग्स का गंभीर मामला दर्ज है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा में चूक पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होना तय है। फिलहाल इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। देर रात दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी थाना सेखवां की हवालात में बंद थे। बीती देर रात उन्होंने शातिराना तरीके से हवालात का ताला तोड़ा और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। सुबह जब पुलिसकर्मियों को ताला टूटा मिला, तो पूरे महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और अन्य उच्चाधिकारियों ने थाने का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शातिराना तरीके से तोड़ा हवालात का ताला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हवालात का ताला तोड़ने के लिए आरोपियों ने बहुत ही शातिर तरीका अपनाया। उन्होंने ताले पर कपड़ा लपेटकर पास में पड़ी ईंट और सीढ़ियों (स्टेप्स) के सहारे उसे किसी प्रकार जोर से खींचा और ताला तोड़कर बाहर निकल गए। उसके बाद वे दीवार फांदकर थाने से बाहर निकल गए। इस पूरे घटनाक्रम की थाने में मौजूद स्टाफ को भनक तक नहीं लगी। हत्या केस में रिमांड पर था एक आरोपी
डीएसपी सिटी सुखविंदर सिंह ने बताया कि गुरमीत सिंह हत्या के केस में एक दिन के रिमांड पर था और हरपाल सिंह नशे के केस में बंद था। जिनको आज अदालत में पेश किया जाना था। दोनों ने रात के समय हवालात का ताला तोड़कर भागने में कामयाबी हासिल की। आरोपियों को फिर से पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि ड्यूटी पर तैनात किस कर्मचारी की लापरवाही से यह घटना हुई। दोषियों को जल्द ही दोबारा सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। कर्मचारियों की भूमिका की जांच
डीएसपी सिटी सुखविंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा में चूक पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होना तय है। फिलहाल इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि उस वक्त ड्यूटी पर तैनात निगरानी अधिकारी की भारी लापरवाही सामने आई है। ड्यूटी में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुरानी बिल्डिंग का उठाया आरोपियों ने फायदा
डीएसपी सिटी सुखविंदर सिंह और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना करने के बाद बताया कि हवालात की बिल्डिंग काफी पुरानी है, जिसका फायदा अपराधियों ने उठाया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कपड़े, ईंट और सीढ़ीयों की मदद से ताला तोड़ दिया। अगर बिल्डिंग और सलाखें नई होती तो आरोपी भाग नहीं पाते। पुरानी बिल्डिंग और कमजोर हवालात को अब पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए की जा रही छापेमारी
डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और छापेमारी जारी है। उनके तमाम संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां छापेमारी जारी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर फिर सलाखों के पीछे धकेला जाएगा।