बरनाला में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष और विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने साथियों समेत आज (6 मई) जिला मुख्यालय के सामने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। ढिल्लों नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। विधायक ढिल्लों ने बताया कि 14 मार्च को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय कचहरी चौक में पंजाब सरकार के खिलाफ धरना दिया था। यह धरना महिलाओं के खातों में 1000 रुपए प्रति माह न डालने के वादे को पूरा न करने के विरोध में था। इस धरना प्रदर्शन के आधार पर थाना सिटी-2 पुलिस ने 20 वरिष्ठ नेताओं को नामजद करते हुए और 15-20 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज की थी। राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई कुलदीप सिंह काला ढिल्लों ने आरोप लगाया कि बरनाला पुलिस की यह कार्रवाई स्थानीय सत्ताधारियों के इशारे पर राजनीतिक बदले की भावना से की गई है। इस संबंध में एसएसपी को मांग पत्र भी दिया गया था, जिसमें एफआईआर रद्द करने की मांग की गई थी, लेकिन जिला पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। नेताओं के इशारों पर पुलिस की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं विधायक ढिल्लों ने स्पष्ट किया कि सत्ताधारी नेताओं के इशारों पर पुलिस की इस कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक स्थानीय कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज यह एफआईआर रद्द नहीं की जाती, तब तक वे अपनी भूख हड़ताल समाप्त नहीं करेंगे। जिन नेताओं पर मामले दर्ज किए गए हैं, उनमें वरुण बत्ता, नरेंद्र शर्मा, मक्खन शर्मा, महेश कुमार लोटा और कई अन्य बड़े पदाधिकारी शामिल हैं।